सिविल कोर्ट के अधिवक्ता की चाकू मारकर हत्या, वकीलों में आक्रोश

रांची: राजधानी रांची में अपराधी बेख़ौफ़ अपराध की घटना को अंजाम देते नज़र आ रहे हैं. इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह सुखदेवनगर थाना से लगभग आधे किलोमीटर की दूरी पर अपराधियों ने एक अधिवक्ता की चाकू मार कर हत्या कर दी है. घटना करीब सुबह 10 बजे की है. मृतक की पहचान गोपाल कृष्ण के रूप में हुई है, जो सिविल कोर्ट में अधिवक्ता थे. हत्या की सूचना मिलने के बाद सुखदेवनगर थाना प्रभारी मनोज कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है.
वकील के आवास के बाहर ही मारा छुरा
मिली जानकारी के मुताबिक, गोपाल कृष्ण शुक्रवार की सुबह सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के मधुकम स्थित अपने आवास के पास खड़े थे तभी एक व्यक्ति ने उन पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में बुरी तरह घायल गोपाल कृष्ण को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. दिनदहाड़े अधिवक्ता की हत्या से वकीलों में काफी आक्रोश है.
