प्रमंडलवार कल से लाभुकों को मिलेगी झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि, सीएम हेमंत करेंगे संवाद
-(1).jpg)
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कल से प्रमंडलवार झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों से बात कर उनके खातों में ऑनलाइन राशि ट्रांसफर करेंगें। 22 अगस्त को पलामू प्रमंडल अंतर्गत 3 जिलों लातेहार, डालटनगंज और गढ़वा के लाभुकों को राशि डीबीटी के माध्यम से भेजेंगे। इस दौरान वह कई महिलाओं से वार्ता भी करेंगे। झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की शुरूआत बीते दिनों 18 अगस्त को पाकुड़ से की गई थी।
सीएम ने पोस्ट के जरिए दी जानकारी
बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स पर पोस्ट कर प्रमंडलवार झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की सम्मान राशि सभी बहनों के खातों में पहुँचने की जानकारी साझा की। इसके तहत पलामू प्रमंडल के बाद 23 अगस्त को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के 7 जिलों धनबाद,बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, गिरिडीह, चतरा और कोडरमा, 27 अगस्त को संथाल परगना प्रमंडल के 6 जिले दुमका, देवघर, साहिबगंज, जामताड़ा, गोड्डा और पाकुड़ जिलों के लाभुकों को, 28 अगस्त को कोल्हान प्रमंडल के 3 जिलों चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला-खरसांवा के लाभुकों को और 30 अगस्त को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के 5 जिलों राँची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा जिले के लाभुकों को राशि भेजी जाएगी।
प्यारे राज्यवासियों,
कल से प्रमंडल वार झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की सम्मान राशि सभी बहनों के खातों में पहुँचनी शुरू हो जाएगी।
22 अगस्त – पलामू प्रमंडल – पलामू
23 अगस्त – उत्तरी छोटा नागपुर – हज़ारीबाग़
27 अगस्त – संथाल परगना – दुमका
28 अगस्त – कोल्हान… pic.twitter.com/NCw4ONUvQJ
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) August 21, 2024
45 लाख महिलाओं का हुआ निबंधन
मुख्यमंत्री ने झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत आज तक 45 लाख महिलाओं के निबंधन होने की भी जानकारी दी। इसमें से 42 लाख 85 हज़ार (94.6%) महिलाओं के आवेदन को प्रशासनिक स्वीकृति दी जा चुकी है। योजना शुरू होने के मात्र 18 दिनों में यह उपलब्धि हासिल करने पर सीएम ने इसे पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय बताया है।
