मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लिए अब 15 अगस्त तक लगेगा कैंप, सीएम ने एक्स पर किया पोस्ट

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (JMMSY) की शुरुआत पर एक्स हैंडल पर पोस्ट कर झारखंड की बहनों को बहुत-बहुत बधाई दी है. उन्होंने कहा कि योजना का लाभ लेने में बहनों को आ रही शुरुआती परेशानी के बारे में उन्हें जानकारी मिली है. योजना को लेकर आ रही तकनीकी समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए उन्होंने निर्देश दिया है तथा इस मामले को लेकर वरीय पदाधिकारियों की भी बैठक हुई है. योजना को लेकर दिख रहे उत्साह को लेकर उन्होंने पूरे राज्य में प्रज्ञा केंद्रों की संख्या बढ़ाने का भी निर्देश दिया है.

जब चाहें योजना का लाभ ले सकती हैं महिलाएं

मुख्यमंत्री ने कहा है कि सभी बहनों को यह बताना चाहता हूं कि यह हमेशा चलने वाली योजना है. योजना का लाभ लेने हेतु कोई समय सीमा नहीं है. विशेष कैम्प के आयोजन के बाद भी जरूरतमंद बहनें कभी भी अपने नजदीकी प्रज्ञा केंद्र में जाकर इस योजना का लाभ ले सकेंगी. योजना से लोगों को आसानी से लाभ मिले, इसलिए 10 अगस्त तक विशेष कैम्प का आयोजन किया जा रहा है, जिसे और 5 दिन बढ़ाने का निर्देश दिया है. विशेष कैम्प के आयोजन के बाद भी आप जब भी चाहें, अपनी सुविधानुसार योजना का लाभ ले सकती हैं.

 

बिचौलियों से रहें सावधान

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि उन्हें यह भी जानकारी मिली है कि योजना में बहनों को मिल रहे लाभ को देखते हुए कहीं-कहीं कुछ बिचौलिए भी सक्रिय हो गए हैं. उन्होंने कहा कि वह सभी को बताना चाहते हैं कि इस योजना की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क है, इसलिए बिचौलियों से सावधान रहें. सभी जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि कहीं भी बिचौलियों की सूचना मिले, तो उनपर कड़ी कार्रवाई करें.

यह है बहनों की योजना

उन्होंने कहा कि यह बहनों की योजना है. राज्य की लाखों बहनों को हर साल 12 हजार रुपए मिलेगा. यही झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (JMMSY) का लक्ष्य है, यही उनका भी लक्ष्य है.

बाबूलाल ने अवैध वसूली का लगाया था आरोप 

बता दें कि बीजेपी के झारखंड प्रदेश अद्याक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को एक्स पर झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के जरिये अवैध वसूली करने का आरोप हेमंत सरकार पर लगाया था. उन्होंने कहा एक्स पर लिखा था कि झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के शुभारंभ के पहले दिन ही फॉर्म के नाम पर वसूली का शुभारंभ कर दिया गया है. हेमंत सरकार की चरणबद्ध योजना के तहत अभी फॉर्म के नाम पर, फिर पंजीकरण के नाम पर, फिर सूची में नाम डालने के नाम पर और अंत में खाते में पैसे भेजने के नाम पर वसूली के सारे चरण पूरे किया जाएंगे.   

क्या है झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना 

झारखंड सरकार द्वारा मंईयां सम्मान योजना शुरू किया गया है. इस योजना के माध्यम से राज्य की सभी वर्ग समुदाय की गरीब व जरूरतमंद महिलाओं को हर महीने 1000 रूपये आर्थिक सम्मान राशी प्रदान की जाएगी ताकि महिलाओं की सामाजिक व आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके. योजना द्वारा जारी किये जाने वाले लिस्ट के माध्यम से राज्य सरकार पात्र महिलाओं को प्रतिवर्ष 12000 रूपये की सम्मान राशी प्रदान करेगी. राज्य की 21 से 50 वर्ष तक की आयु की महिलाओं को इस योजना का लाभ प्राप्त होगा. झारखंड सरकार द्वारा महिलाओं को दी जाने वाली प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सम्मान राशि सीधे लाभार्थी महिलाओं के बैंक खाते मे डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी.

लेखक के बारे में

By Subodh Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More