भाजपा को सत्ता वापस दिलाने में मददगार साबित होंगें चंपाई सोरेन, भाजपा ने भी माना सत्ता की कुंजी हैं कोल्हान टाइगर

चाईबासा: चंपाई सोरेन त्याग,आन्दोलन और बलिदान के झारखंडी चादर को उतार कर भाजपा के भगवा रंग की चादर ओढ़कर अपने राजनितिक जीवन के दूसरे अध्याय की शुरूआत करने जा रहे हैं। कोल्हान में अब जेएमएम के टाईगर की जगह कौन होगा, यह भी चर्चा हो रही है। शहीदों, बलिदानों की धरती में अलग राज्य के आंदोलन से अब तक यानी जेएमएम के एक कार्यकर्ता से लेकर राज्य के मुख्यमंत्री तक के सफर को तय करने के अपने राजनितिक जीवन को समर्पित करने वाले नेता चंपाई सोरेन का अन्त हो गया।

राजनीतिक सूत्रों के अनुसार यदि जेएमएम ने चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री नहीं बनाया होता तो आज चंपाई सोरेन जेएमएम के कोल्हान टाईगर बने रहते और पार्टी में सेकंड लाईन के नेता के रूप में खुश रहते। चंपाई सोरेन के राजनीतिक जीवन की इस घटना को लेकर राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि राजनीति में नेता की आकांक्षा, महत्वाकांक्षा और अपेक्षा की पूर्ति नहीं होने से किसी भी गलत कदम को अपने राजनीतिक स्वार्थ में उठा लेना भी उसी स्वार्थ का एक पहलू है। कोल्हान की राजनीति में चंपाई सोरेन के जरिए कितना लाभ भाजपा को मिल पाता है, यह तो विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद ही पता चलेगा, साथ ही चंपाई सोरेन के अन्तिम राजनीतिक जीवन का भी रुख क्या होगा।

भाजपा कोल्हान के साथ साथ संथाल में अपनी पकड़ मजबूत बनाने के लिए किस हद तक चंपई सोरेन का इस्तेमाल कर पाती है, यह तो भाजपा का अंदरूनी मामला है। लेकिन चंपाई सोरेन के भाजपा में शामिल होने के फैसले के बाद भाजपा के आदिवासी नेताओं की भूमिका जरूर सवालों के घेरे में है, कहा जा रहा है कि अन्दर ही अन्दर तीनो पूर्व मुख्यमंत्री में बेचैनी देखी जा रही है, ऐसा लगता है कि चंपाई सोरेन भाजपा में मुख्यमंत्री का चेहरा होंगें, जिसका एहसास शायद तीनों पूर्व मुख्यमंत्री को हो चुका है। पार्टी अपने तीनों पूर्व मुख्यमंत्री के घटते जनाधार को लेकर भी चिंतित है, इसलिए भाजपा चंपाई सोरेन पर भरोसा करने और विधानसभा चुनाव में सत्ता पाने की कोशिश में लगी हुई है।

लोकसभा चुनाव में कोल्हान और संथाल में आदिवासी बहुल क्षेत्र की जनता का साथ नहीं मिलने के कारण भाजपा अब विधानसभा चुनाव में इन तीनों पूर्व मुख्यमंत्री को लेकर कोई रिस्क नहीं उठाना चाहती है, इसलिए पार्टी अपनी नई रणनीति के तहत चंपाई सोरेन को सत्ता का कुंजी मानकर नया दांव खेलने की तैयारी में है और कहा जा रहा है कि विधनसभा चुनाव में चंपाई सोरेन को बड़ा आदिवासी चेहरा बनाने पर विचार कर रही है।

लेखक के बारे में

By Santosh Verma

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More