चाईबासा: विधायक ने सदन में जगन्नाथपुर अनुमंडल को पूर्ण अनुमंडल का दर्जा देने की उठायी मांग
चाईबासा: झारखंड विधानसभा में चल रहे मानसुन सत्र के अंतिम दिन जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु एक बार फिर विधानसभा के पटल पर गरजे. उन्होंने विधानसभा में शुन्यकाल के दौरान आवाज उठाते हुए जगन्नाथपुर अनुमंडल को पूर्ण रूप से जगन्नाथपुर अनुमंडल का दर्जा देने की मांग सरकार से की. सदन में आवाज उठाते हुए विधायक सोनाराम सिंकु नें कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिला के जगन्नाथपुर अनुमण्डल कार्यालय वर्ष 2009 से संचालित है. लगभग 15 वर्ष बीत चुका है परन्तु जगन्नाथपुर अनुमण्डल को अभी तक पूर्ण अनुमण्डल का दर्जा प्राप्त नही है.
उन्होंने कहा, इसके अन्तर्गत चार (4) प्रखण्ड हैं जो जगन्नाथपुर, नोवामुण्डी, मंझगाँव एवं कुमारखूँगी साथ ही आठ (8) थाना है जो जगन्नाथपुर, नोवामुण्डी, जेटेया, गुवा, किरीबुरु, बड़ाजामदा, मंझगाँव एवं कुमारखूँगी है. ये सभी जिला मुख्यालय एवं जिला न्यायालय से लगभग 80-100 किमी दूर में अवस्थित है. अतः जगन्नाथपुर अनुमण्डल को पूर्ण अनुमण्डल का दर्जा प्राप्त हो. अनुमण्डल न्यायायिक दण्डाधिकारी का न्यायालय, अनुमण्डल परिसर में अधिवक्ताओं के लिए बैठने हेतु एसोसिएशन भवन के निर्माण का सदन के माध्यम से सरकार से मांग करता हूँ.
