हॉर्स ट्रेडिंग मामला: राजकुमार अग्रवाल को बड़ी राहत, सीबीआई कोर्ट की ट्रायल प्रक्रिया को HC ने किया निरस्त

रांची: राज्यसभा चुनाव से जुड़े हॉर्स ट्रेडिंग मामले में आरोपी राजकुमार अग्रवाल को हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है. इस मामले में राजकुमार अग्रवाल की याचिका पर बुधवार को हाईकोर्ट के न्यायाधीश राजेश कुमार की अदालत में सुनवाई हुई. हाईकोर्ट ने रांची सीबीआई कोर्ट में उनके खिलाफ चल रहे ट्रायल की कार्यवाही को समाप्त कर दिया है. इस मामले में सीता सोरेन के खिलाफ चार्जशीट दायर किया गया था. सीबीआई की चार्जशीट में कहा गया था कि सीता सोरेन ने राज्यसभा चुनाव में वोटिंग के लिए 50 लाख रुपये लिए थे.
बुधवार को सुनवाई के दौरान राजकुमार अग्रवाल के वकील ने कोर्ट को बताया कि बरामद पैसे उनके नहीं हैं. एजेंसी ने उन्हें पैसों के मामले में क्लीन चिट भी दे दी है. इसलिए उनके खिलाफ चल रही कार्रवाई को रद्द किया जाना चाहिए. जिसके बाद बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने सीबीआई कोर्ट में चल रहे ट्रायल की कार्यवाही को रद्द कर दिया.
