विधायकी रद्द होते ही लोबिन ने खोला मोर्चा, हेमंत सरकार पर लगाया घुसपैठियों को बढ़ावा देने का आरोप

रांची: विधान सभा के न्यायाधीकरण के द्वारा दल बदल मामले में सदस्यता रद्द होते ही लोबिन हेम्ब्रम ने हेमंत सराकर को निशाने पर लिया है. पहली बार संताल में बांग्लादेशी घुसपैठ को स्वीकार करते हुए लोबिन ने झामुमो के उपर वोट बैंक के लिए घुसपैठियों को मदद करने का आरोप लगाया. विधायकी रदद् किये जाने को लोकतंत्र की हत्या बताते हुए लोबिन ने कहा कि पार्टी ने स्पीकर के माध्यम से सदस्यता रद्द करवायी है, लेकिन वह हार मानने नहीं है, इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख करेंगे. मानसून सत्र की शुरुआत से पहले ही उनकी सदस्यता रद्द कर दी गयी, उस हालत में उनके द्वारा उठाये गये जनहित के सवालों का क्या होगा? अपने सियासी भविष्य के सवाल पर लोबिन ने दावा किया कि बोरियो की जनता उनके साथ है, हार नहीं मानेंगे और चुनावी अखाड़े में उतर मुकाबला करेंगे, लेकिन पार्टी कौन होगा? किस सिंबल पर चुनाव लड़ेंगे, फिलहाल तय नहीं है. वक्त आने पर इसका भी खुलासा करेंगे.
25 जुलाई को विधान सभा के न्यायाधीकरण ने सुनाया था फैसला
आपको बता दें कि 25 जुलाई को विधान सभा के न्यायाधीकरण ने बोरियो विधायक लोबिन हेम्ब्रम और मांडू विधायक जेपी भाई पटेल की सदस्यता रद्द करने का फैसला सुनाया था. न्यायाधीकरण के इस फैसले को लोबिन पार्टी की सियासी साजिश बता रहे हैं, उनका दावा है कि पार्टी ने विधान सभा स्पीकर को आगे कर उनकी सदस्यता रद्द करवाया. याद रहे कि लोबिन ने राममहल संसदीय सीट से लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी उम्मीदवार विजय हांसदा के खिलाफ ताल ठोका था, जबकि जेपी भाई पटेल ने कांग्रेस के टिकट पर हजारीबाग से चुनाव लड़ा था.
