चाईबासा: ईचा खरकई बांध का मुद्दा सदन में उठा, विधायक ने की निविदा रद्द करने की मांग

चाईबासा: विधानसभा के मानसून सत्र काल में पश्चिमी सिंहभूम व सरायकेला खरसांवा जिले के डुब क्षेत्र में बन रहे ईचा खरकाई डैम को रद्द करने की मांग को लेकर सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र के जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु ने मंगलवार को सदन में विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष रख कर सरकार से उक्त योजना को रद्द करने की मांग की है. क्षेत्र के 124 गांव के ग्रामिणों की आवाज बन कर जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम एवं सरायकेला खरसावाँ जिले में बनाए जा रहे ईचा खरकई बांध के बनने से 124 ग्राम के जनजातीय समुदाय विस्थापित हो जायेंगे.

इससे 32 जनजाति समूह “हो”, संथाल मुण्डा, भूमिज आदि जनजातीय समुदाय विलुप्त हो जायेंगे. इनकी पूजा स्थल, धार्मिक स्थल, देशाऊली, सरना स्थल, संस्कृति, भाषा, धार्मिक पहचान, परम्परागत रीति रिवाज के प्रति उनकी श्रद्धा, अस्था पर उनके पूर्वजों एंव परम्परागत सामाजिक संगठनों पर सीधे प्रभाव पड़ेगा तथा जनजतीय समुदाय विकास की मुख्य धारा से वंचित हो जायेंगे. अतः ईचा खरकई बांध का निविदा रद्द करने हेतु सदन के माध्यम से सरकार से मांग करता हूँ.
