BUDGET 2024: आजसू, भाजपा और चैंबर ने बजट को सराहा, कांग्रेस ने कहा- झारखंड के लिए निल बट्टा सन्नाटा

रांची: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा मंगलवार को संसद में पेश किए गए आम बजट पर झारखंड में मिलीजुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। आजसू पार्टी और भाजपा ने जहां बजट की जमकर सराहना की है तो वहीं झारखंड चैंबर ने भी इसे संतुलित बजट करार दिया है। हालांकि कांग्रेस ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में इसे झारखंड और आदिवासी से धोखा करार दिया है तो जेएमएम ने भी बजट को मध्यम वर्ग विरोधी और अरबपतियों का बजट बताया है।
विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कड़ी : सुदेश महतो
आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने आम बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि यह विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा। बजट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के साथ ही गांव, गरीबों, किसानों, युवाओं, उद्यमियों के आर्थिक व सामाजिक विकास की परिकल्पना को भी पूरा करेगा। यह बजट राष्ट्र समेत सभी राज्यों के समावेशी विकास को भी बल प्रदान करेगा।
विकासोन्मुख ,युवा केंद्रित सर्व समावेशी बजट: बाबूलाल मरांडी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट सर्वसमावेशी ,युवा केंद्रित और विकासोन्मुख बजट है। यह बजट विकसित भारत के संकल्पों को साकार करने वाला बजट है। यह बजट 140 करोड़ देशवासियों की आशा एवं आकांक्षाओं के अनुरूप समाज के सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास को भी गतिशीलता प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए यह बजट सुनहरा अवसर लेकर आया है। स्किल डेवलपमेंट के साथ साथ अगले 5 वर्षों में 4 करोड़ रोजगार की व्यवस्था देश के विकास में युवाओं की भूमिका को सुनिश्चित करेगा।
ओवरऑल संतुलित बजट : नवजोत अलंग
आम बजट पर झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के कार्यकारिणी सदस्य सह रेलवे उप समिति के चेयरमैन नवजोत अलंग ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि बजट में कृषि की उत्पादकता को बढाना, रोजगार और कौशल विकास, इंक्लूसिव मानव संसाधन विकास, मैनुफैक्चरिंग, उर्जा की सुरक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर, इनोवेशन और नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म्स की योजनाओं को शामिल किया गया है इसलिए यह ओवरऑल संतुलित बजट है।
मोबाइल, चार्जर जैसी आम उपभोक्ताओं से जुड़ी चीजों को सस्ता करने से लोगों को इसका लाभ मिलेगा। कैंसर की दवाओं को सस्ता किया जाना भी स्वागतयोग्य है। उन्होंने केंद्र सरकार से अन्य गंभीर बीमारी की दवाओं को भी सस्ता करने पर विचार करने की मांग की। पुरानी आयकर व्यवस्था के तहत किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाना सराहनीय है, इससे मध्यम वर्गीय परिवार को काफी लाभ होगा। हालांकि रेल परियोजनाओं में झारखण्ड को शामिल नहीं किया जाना निराशाजनक है।
झारखंड के लिए नील बट्टा सन्नाटा: कांग्रेस
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए आम बजट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि झारखंड प्रधानमंत्री मोदी के सौतेलेपन का उदाहरण बनकर रह गया है। झारखंड में लोकसभा चुनाव मे मिले हार का बदला भाजपा ने केंद्रीय बजट में चुकाया है। किसानों को राहत पहुंचाने के लिए सीधे तौर पर बजट में प्रावधान नहीं किया गया है जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके। आम लोगों को इस बजट से कोई राहत नहीं है, उन्हें बजट के नाम पर झुनझुना भी नहीं दिया गया।
झारखंड को निराश करने व स्वतंत्र भारत का सबसे कमजोर बजट
झारखंड प्रदेश राजद महासचिव सह मीडिया प्रभारी कैलाश यादव ने आम बजट को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने बजट में झारखंड को नजरंदाज किया, इस बजट से युवाओं को कोई लाभ नहीं मिलेगा, महंगाई व बेरोजगारी जस का तस रहेगा। निम्न मध्यम वर्ग को भी इससे कोई फायदा नहीं होने वाला है। गैस सिलेंडर,पेट्रोल,डीजल, खाद व बीज की कीमतों में कोई राहत नहीं मिला। श्रमिको को भी कोई विशेष लाभ नही है तो एचईसी जैसे भारी उद्योग कारखाना के रिवाइवल के लिए कोई प्रावधान नहीं।
कांग्रेस के घोषणा पत्र की नकल की कोशिश
केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी सतीश पाल मुंजनी ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री कांग्रेस के घोषणा पत्र की ठीक से नकल भी नहीं कर पाई। “पहली नौकरी पक्की न्याय” के तहत कांग्रेस ने हर शिक्षित युवा को एक लाख की अप्रेंटिसशिप का कानूनी अधिकार का वादा किया था जिसकी नकल बजट में करने की कोशिश की गई। वहीं प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि बजट में झारखंड की उपेक्षा करके प्रधानमंत्री ने दिखा दिया कि हक देने के समय वह झारखंड को सबसे निचले पायदान पर रखते हैं। बाढ़ग्रस्त राज्यों के लिए बजट में प्रावधान किया गया है लेकिन झारखंड जैसे सूखाग्रस्त राज्य के लिए राहत बजट में नहीं दी गई है। प्रदेश प्रवक्ता जगदीश साहू ने इसे मजदूर व किसान विरोधी बजट बताया है।
