बोकारो: कोयला चोरी रोकने के लिए बोकारो थर्मल थाना व कथारा क्षेत्रीय सुरक्षा विभाग की छापेमारी
बोकारो: सीसीएल कथारा प्रक्षेत्र के विभिन्न कोलियरियों से कोयले का चोरी या यूं कहें की जबरन कोयला का अवैध उठाव आम बात है। कभी कभार पुलिस एवं कॉलोनी के सुरक्षाकर्मियों के द्वारा खानापूर्ति के लिए छापामारी अभियान दिखा दिया जाता है। इसी क्रम में जारंगडीह परियोजना के कांटा घर सहित क्रेशर के पास से हो रही अवैध कोयला ढुलाई को रोकने के लिए कथारा महाप्रबंधक के आदेशानुसार शनिवार को छापेमारी अभियान चलाया गया। क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी के नेतृत्व मे बोकारो थर्मल थाना के सहयोग से क्षेत्रीय गश्ती दल एवं जारंगडीह गस्ती दल संयुक्त रूप से की गई. गश्ती गाड़ी को देख कोयला चोर भाग खड़े हुए।
छापेमारी के दौरान कोयला की अवैध ढुलाई में संलिप्त कोयला लदे 3 मोटरसाइकिल तथा 5 साइकिल को जप्त कर गश्ती दल के जवानों के द्वारा मौके पर ही उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया तथा कोयला से भरे लगभग 50 बोरा जब्त किया गया जिसका वजन लगभग 3 टन था। बरामद कोयला को जरांगडीह कोलियरी के कोयला स्टॉक में मिला दिया गया। गश्ती दल में इबरार हुसैन, नागेश्वर नोनिया, मंटू सिंह, गौतम राम, भुनेश्वर, बजरंग लाल बोकारो थर्मल थाना की पुलिस तथा होम गार्ड के जवान भी शामिल थे।
