बोकारो: रिश्वत ने ली साध्वी की जान, स्कूल तोड़ने पहुंची टीम तो साध्वी ने खुद को किया आग के हवाले
बोकारो: जिले के पेटरवार प्रखंड से होकर गुजरने वाले हाईवे के रास्ते में आने वाले स्कूल को तोड़ने पहुंचे अधिकारी एवं पुलिस की टीम को देखते ही साध्वी ने पहले तो उनसे स्कूल नहीं तोड़ने की आरजू मिन्नत की फिर भी अधिकारी स्कूल तोड़ने पर अड़े रहे तो साध्वी ने खुद को एक कमरे में बंद कर पेटरवार अंचल अधिकारी एवं पेटरवार पुलिस के रहते अपने आप को आग के हवाले कर लिया। साध्वी का आरोप है कि स्कूल तोड़ने के एवज में मिलने वाले मुआवजा के बदले मोटी रिश्वत की मांग की जा रही थी, जिसे दे पाना हम लोगों के बस में नहीं था। बीते 2 वर्षों से लगातार अधिकारियों एवं जिला का चक्कर लगाते हुए थक गए। 20 से 25% तक का रिश्वत मांगा गया जिससे आहत होकर साध्वी ने एक कमरे में बंद होकर आत्मदाह कर लिया।
.jpg)
मामला पेटरवार प्रखंड स्थित दारिद पंचायत में भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बन रहे जैनामोड – गोला सड़क निर्माण कार्य से जुड़ा है और इसे लेकर अधिकारी स्कूल पहुंचे थे। आनंद मार्ग संस्थान के द्वारा स्कूल संचालित है, जिसे हटाने NHAI और पुलिस टीम के सामने करीब 60 वर्षीया बुजुर्ग आनंद मार्गी साध्वी ने खुद को आग लगा ली। आत्मदाह किए जाने को सुनते ही मौके पर मौजूद अधिकारी एवं पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई।
.jpg)
स्कूल में मौजूद अन्य आनंद मार्गी महिलाओं ने बताया कि बिना नोटिस दिए अचानक से पुलिस स्कूल भवन को तोड़ने पहुंच गई, जिसका इन महिलाओं ने विरोध किया। भू अर्जन विभाग द्वारा स्कूल का इस जमीन के लिए 4 करोड रुपए का मुआवजा राशि भी आवंटित किया गया था लेकिन रिश्वत का पैसा नहीं दिए जाने के चलते कुछ ना कुछ कमी निकालकर उन्हें परेशान किया जाता रहा था।
रिश्वत मांगे जाने के मामले को लेकर एसडीएम अशोक कुमार ने कहा कि सड़क निर्माण में दो गुटों के आपसी लड़ाई में मामला उलझता चला गया। जिला प्रशासन के द्वारा 2 वर्षों से मुआवजा देने को लेकर प्रयास किया जा रहा है। NHAI टीम एवं प्रशासन द्वारा मामला को बैठकर सुलझाने को लेकर पहल करने सोमवार को स्कूल पहुंचे थे, इसमें रिश्वत मांगने जैसी कोई बात नहीं है।
