बोकारो: उग्रवादियों ने सड़क निर्माण में लगे रोलर और डोजर को फूंका, 5 करोड़ लेवी की मांग
बोकारो: झारखंड को नक्सल मुक्त करने का एक तरफ अभियान चल रहा है. पुलिस मानती है कि अब नक्सली संगठन सिमटने लगे हैं और जल्द ही नक्सलियों का खात्मा हो जाएगा, पर दूसरी ओर नक्सली संगठन नए-नए क्षेत्रों में प्रवेश करने लगे हैं और लेवी की मांग के साथ हिंसक वारदातों को अंजाम देकर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं. बोकारो में अब तक भाकपा माओवादी उग्रवादी ही थे, पर अब यहां पर 5 करोड़ की लेवी की मांग के साथ PLFI ने भी दस्तक दी है. बोकारो में सड़क निर्माण से जुड़ी एक ठेका कंपनी से 5 करोड़ की लेवी मांगी गई है. जरीडीह थाने में 8 दिन पहले मामला दर्ज हुआ और आज पीएलएफआई के नाम पर आए दस्ते ने उक्त कंपनी पर धावा बोलकर उसके रोलर और डोजर को आग के हवाले कर दहशत फैला दिया.
बोकारो में पीएलएफआई नामक नक्सली संगठन की इस तरह की एंट्री ने दहशत का वातावरण तैयार किया है. आतंक मचाने वाले पीएलएफआई का पर्चा मौके पर छोड़ गये हैं. जिस कंपनी के डोजर और रोलर को आग के हवाले किया गया, वह सड़क निर्माण से जुड़ी हुई है. इस घटना के साथ पीएलएफआई की बोकारो जिले में एंट्री ने ठेका कंपनियों को दहशत में डाला है तो पुलिस की नींद भी उड़ाई है. अब इस मामले की पुलिस जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि लेवी की मांग का जो पर्चा मिला है क्या वह सचमुच में पीएलएफआई का है या फिर किन्हीं लोकल लोगों की करतूत है. कोयला क्षेत्र के डीआईजी ने कहा है कि हर हाल में इस कांड का उद्भेदन होगा और जो भी इसके पीछे होंगे उन्हें बख्शा नहीं जाएगा.
