बोकारो पुलिस को मिली बड़ी सफलता: एके 47 व कार्बाइन समेत हथियारों का जखीरा बरामद

बोकारो: जिला में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने हथियारों का जखीरा बरामद किया है. बरामद हथियारों में एके 47, कार्बाइन और कई उम्दा किस्म के नाइन एमएम पिस्टल शामिल है. पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पिछले दिनों बोकारो में हुए शंकर रवानी हत्याकांड में गिरफ्तार किए गए अपराधियों की निशानदेही पर बोकारो के को-ऑपरेटिव कॉलोनी सेक्टर-12 से सभी हथियार बरामद किए गए हैं. बरामद हथियारों में एक एके 47 राइफल, एके-47 राइफल के दो मैगजीन और 92 कारतूस, एक कार्बाइन, कार्बाइन की दो मैगजीन, एक रिवाल्वर, चार नाइन एमएम पिस्टल और 150 कारतूस बरामद किए गए हैं.   

दरअसल, बीतें दिनों  बोकारो में हुए चर्चित शंकर रवानी मर्डर केस में मोस्ट वांटेड वीरेन्द्र प्रसाद यादव बिहार में धरा गया. उसकी निशानदेही पर एक AK 47, एक कार्बाइन, एक सिक्सर, चार पिस्टल, 0.38 की 60 जिंदा गोलियां, 0.6.9 MM का 100 से ज्यादा जिंदा गोलियां, घटना में इस्तेमाल स्वीफ्ट डिजायर कार एवं अलग-अलग ब्रांड के 65 कार्टून विदेशी शराब जब्त की गई है. 

गिरफ्तार वीरेन्द्र प्रसाद ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. बोकारो सेक्टर 12 में रहनेवाला वीरेन्द्र छपरा में धरा गया. उसका धनबाद में भी एक ठिकाना हैं. बोकारो के हरला थाना में दर्ज केस (कांड संख्या 78/2024) में वह वांटेड था. इस केस में पहले अशोक कुमार सिंह उर्फ अशोक सम्राट, राजेन्द्र दुबे उर्फ राजू दुबे, परीक्षित सिंह उर्फ राजा सिंह, अमित रवानी एवं श्यामल रवानी को जेल भेजा जा चुका है. इस कांड का खुलासा करने की खातिर बोकारो एसपी ने सिटी डीएसपी आलोक रंजन की देखरेख में एक एसआईटी का गठन किया था. गठित एसआइटी ने यह बेहतरीन कामयाबी हासिल की है.

 

लेखक के बारे में

By Manoj Garg

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More