बोकारो: तीन दिनों से लापता व्यक्ति का शव तालाब से बरामद, जांच में जुटी पुलिस
बोकारो: जिला के बेरमो स्थित बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के पंचायत भवन के पास तालाब में 42 वर्षीय भुटका सिंह का शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोग एकत्रित हो गये. भुटका सिंह वर्तमान में बोकारो थर्मल स्थित टीसी कॉलोनी रहते थे एवं मूलतः वो उत्तर प्रदेश के बलिया के रहने वाले थे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया.
मिली जानकारी के अनुसार मृतक पिछले तीन दिनों से लापता था. मृतक बोकारो थर्मल में बीते कई वर्षों से अकेले ही रहता आ रहा था. रविवार को उसका शव बरामद किया गया. थाना प्रभारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि मृतक का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि मामला क्या है, उसके बाद जांच किया जाएगा. मौके पर जीप सदस्य प्रतिनिधि मंजूर आलम,मुखिया बीएन महतो, सुनील महतो, रूपेश सिंह सहित कई लोग मौजूद थे.
