बोकारो: गोमिया में 35 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या, घऱ से दूर मिला शव

बोकारो: जिले के गोमिया थाना क्षेत्र में मुकेश कुमार नामक 35 वर्षीय दलित युवक की गला रेत कर हत्या कर दिए जाने और शव को घर से करीब पांच सौ मीटर दूर पहाड़ी पर फेंक दिए जाने का मामला सामने आया है।  युवक गोमिया प्रखंड के करमटिया गांव का रहने वाला था। मामले की जानकारी मिलते ही गोमिया पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि आज सुबह कुछ महिलाओं ने सबसे पहले रास्ते में युवक का शव पड़ा हुआ देखा था जिसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों को उन्होंने जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की जानकारी गोमिया पुलिस को दी।

गोमिया थाना प्रभारी नित्यानंद भोगता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई। युवक के शरीर पर तेज धारदार हथियार से काटने के निशान पाए गए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि हत्या कहीं दूसरे स्थान पर कर शव को गांव के नजदीक पहाड़ी के पीछे फेंक दिया गया है। परिजनों द्वारा बताया गया कि मंगलवार की शाम को वह घर से निकला, इसके बाद वह लौटकर नहीं आया। ग्रामीणों ने बताया कि शाम के करीब सात बजे तक उसे देखा गया था।

मृतक स्वर्गीय महेंद्र रविदास का पुत्र है। मृतक के दो और भाई है एक बड़ा है और दूसरा उससे छोटा है। बड़ा भाई सीसीएल में काम करता है जबकि छोटा भाई मुंबई में काम करता है। मां फागुनी देवी एवं भाभी का रो रो कर बुरा हाल है। ग्रामीण खोजी कुत्ता से घटना के जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं जल्द से जल्द घटना का उद्भेदन कर अपराधी को गरफ्तार किया जाए।

लेखक के बारे में

By Manoj Garg

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More