बोकारो: सीसीएल कर्मी ने फंदे से झूल कर की आत्महत्या, कई दिनों से था गायब
बोकारो: जिला के बेरमो कोयलांचल स्थित सीसीएल के कथारा प्रक्षेत्र के गोविंदपुर परियोजना में कार्यरत 53 वर्षीय रतिराम मांझी ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के गोविंदपुर परियोजना के टीसी कॉलोनी मे क्वार्टर नंबर 78 में घटित हुई है. जानकारी के अनुसार गोविंदपुर परियोजना में मजदूर के पद पर कार्यरत था रतिराम मांझी. पड़ोसी चैता मांझी ने बताया कि रतिराम मांझी सोमवार से ही घर से बाहर नहीं निकला था और उसके बारे में कोई जानकारी भी नहीं मिल रहा था. घर के अंदर बंद खिड़की के सुराख से देखने पर दिखाई दिया रतिराम मांझी घर के पहले कमरे में ही फंदे से झूल रहा था, जिसकी जानकारी तत्काल बोकारो थर्मल थाना इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह को दी गई.
पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई. जांच के क्रम में अवर निरीक्षक दीपक पासवान और मनोज कुमार सिंह ने मृतक के घर का दरवाजा किसी तरह खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया और अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक अपने आवास में अकेला ही रहता था. वह रामगढ़ जिला के केदला स्थित घाटो का रहने वाला था. घटना की सूचना पाकर मुखिया प्रतिनिधि दीपक रजक के वार्ड सदस्य तालेसरी देवी, आजाद समाज पार्टी के मंजूर आलम, चंद्रिका रजक शाहिद काफी संख्या में लोग जमा हो गए. अवर निरीक्षक मनोज सिंह ने कहा कि मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गयी है. परिजनों के पहुंचने पर शव उन्हें सौंप दिया जाएगा.
