बोकारो: नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने किया पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का लोकार्पण
बोकारो: जिला के बेरमो में नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने मंगलवार को फुसरो में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण किया. प्रतिमा फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के सुभाषनगर मे स्थापित की गई है. प्रतिमा का निर्माण भाजपा नेता प्रकाश कुमार सिंह ने निजी मद से कराया है. पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का लोकार्पण मुख्य अतिथि नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, 16वीं लोकसभा सांसद रविंद्र कुमार पांडेय, जिलाध्यक्ष जयदेव राय, पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटुल और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गिरिजा देवी ने संयुक्त रूप से किया.
भाजपा कुशासन की सरकार हटाकर सुशासन की सरकार लायेगी
इस अवसर पर मुख्य अतिथि नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि पंडित दीनदयाल की ये प्रतिमा अंत्योदय के संकल्प की याद दिलाती रहेगी. एकात्म मानववाद दर्शन के साथ दुनिया को जिन्होंने परिचित कराने का काम किया, वैसे अंत्योदय के प्रणेता पंडित दिन दयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा का लोकार्पण हुआ हैं. उन्होंने अपने चिंतन और कार्य कुशलता से भारत माता का मस्तक ऊंचा किया, उनके द्वारा दिए गए एकात्म मानव वाद का दर्शन आज पूरे विश्व को एकजुटता के सूत्र में बांध रहा है. उन्होंने कहा कि झारखंड की सरकार देश की सबसे भ्रष्ट, घटिया और खराब सरकार है. उन्होंने जितने वायदे किये थे, एक भी नहीं निभाया. सरकारी नौकरियों के वायदे किये थे, लेकिन किसी को नियुक्ति पत्र नहीं मिला. न नौकरी मिली और न ही बेरोजगारी भत्ता मिला. आज झारखंड में लूट हो रही है. भाजपा कुशासन की सरकार हटाकर सुशासन की सरकार लायेगी.
युवाओं को पार्टी में भागीदारी मिलनी चाहिए: प्रकाश सिंह
भाजपा नेता सह कार्यक्रम संयोजक प्रकाश कुमार सिंह ने उपस्थित अतिथियों से कहा कि ढ़ोरी खेल मैदान का सुंदरीकरण कर उसका नाम भगवान बिरसा के नाम पर रखा जाए. उन्होंने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का संपूर्ण विकास होना चाहिए. युवाओं को पार्टी में भागीदारी मिलनी चाहिए.
कार्यक्रम का संचालन जिला अध्यक्ष अनिल स्वर्णकार ने किया. मौके पर पूर्व प्रमुख अनीता देवी, वरीय नेता मधुसूदन प्रसाद सिंह, विनय सिंह, टीनू सिंह,अर्चना सिंह, देवतानंद दुबे, विक्रम पांडेय, अर्जुन सिंह, विनोद प्रजापति, सरिता देवी, दिनेश यादव, टुनटुन तिवारी, रमेश, अनिल गुप्ता, धीरज पांडे, सुमित सिंह, दिलीप शर्मा आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे.
