वंचित लोगों को कुचलने का भाजपा का सपना टूट गया : गुलाम अहमद मीर
रांची: कांग्रेस के महासचिव एवं झारखण्ड प्रभारी गुलाम मोहम्मद मीर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने अबकी बार 400 पार का नारा दिया था, लेकिन जिस प्रकार से देश ने भाजपा को 240 सीट पर समेट दिया है, उसके बाद यह स्पष्ट है कि बैसाखियों पर चलती केन्द्र सरकार अगले 5 साल तक अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और पसमांदा को उसके हक और अधिकारों से वंचित नहीं कर सकती. झारखण्ड प्रभारी मीर ने कहा कि यदि किसी भी गलती से भाजपा को अपने सपने के अनुसार लोकसभा चुनाव में अपेक्षित सीट मिल जाती तो आरक्षण समाप्त हो जाता.
आज रविवार को राजधानी के बनहोरा जतरा मैदान में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए गुलाम मोहम्मद मीर ने कहा कि झारखण्ड सरकार ने गरीबों के लिये बहुत अच्छे काम किये हैं और बड़ी संख्या में लोग सरकार की कल्याणकारी एवं गरीबों-वंचितों के लिये लाभकारी योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं. उन्होंने विशेष रूप से अब तक मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना में प्राप्त 37 लाख से अधिक आवेदनों की चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने सरकार को यह सुझाव दिया है कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर अगले 20 अगस्त से सांकेतिक रूप से ही सही लेकिन मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की शुरुआत की जाये और महिलाओं के खाते में रकम जाने की शुरुआत हो.
उन्होंने कहा कि झारखंड को मध्य प्रदेश और असम जैसे प्रदेशों से आये हुए लोगों की जरूरत नहीं है और वे खुद अपनी समस्याओं का समाधान करने में सक्षम हैं. कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस विशाल और खुले विचारों वाली पार्टी है और सभी लोग अपने विचार और राय रखने को स्वतंत्र हैं. उन्होंने सभी से आह्वान किया कि झारखण्ड विधानसभा चुनाव के लिये तैयार हो रहे कांग्रेस के घोषणापत्र के लिये अपनी वैसे विचार दें जो झारखण्ड और यहाँ की जनता के हित में हो. कार्यक्रम में शाहजादा अनवर, अजय नाथ सहदेव, मदन मोहन शर्मा, गजेंद्र सिंह रमा खलखो, रियाज़ अंसारी इत्यादि शामिल हुए.
