सामने आया भाजपा का प्लान-बी! अब अपनी राजनीतिक पार्टी बनायेंगे चंपाई सोरेन
रांची: अपनी दिल्ली यात्रा के बाद सराईकेला वापस लौटे पूर्व सीएम चंपाई सोरेन ने भाजपा में शामिल होने के बजाय अपना संगठन खड़ा करने का संकेत दिया है. अपने समर्थकों की मौजदूगी और नारेबाजी के बीच चंपाई सोरेन ने इस कहा है कि यदि आप सबों का प्यार इसी प्रकार मिलता रहा तो अपना संगठन बनाकर झारखंड को एक आदर्श राज्य के रुप में स्थापित करने की कोशिश करेंगे. झारखंड अलग होने के 24 वर्षों के बावजूद गरीब-वंचितों को हक नहीं मिला. आज भी हमारे सामने कई चुनौतियां हैं. समाज के एक बड़े हिस्से को उनका हक नहीं मिला है. उनकी जिंदगी में सवेरा नहीं आया. हमारी कोशिश उस वंचित समाज को अधिकार दिलाने की होगी.
भाजपा में शामिल होने की चल रही थी चर्चा
आपको याद दिला दें कि चंपाई सोरेन के लेकर भाजपा में शामिल होने की चर्चा थी, विभिन्न मीडिया संस्थानों के द्वारा यह दावा किया जा रहा था कि चंपाई सोरेन दिल्ली में ही भाजपा का दामन थाम सकते हैं. यह दावा तब और पुख्ता होता नजर आया, जब दिल्ली पहुंचते ही चंपाई सोरेन ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स से झामुमो का झंडा हटा दिया, टैग लाईन में मंत्री झारखंड सरकार के बजाय पूर्व सीएम झारखंड लिखा. साथ ही सीएम हेमंत के उपर अपमानित करने का आरोप लगाया. सोशल मीडिया पोस्ट में अपने दर्द को बंया करते हुए इस बात का दावा किया कि सीएम की कुर्सी से हटाने के पहले विश्वास में लेने की कोशिश नहीं की गयी. विधायकों की मौजूदगी में सीएम की कुर्सी से हटाने का फरमान सुना दिया गया. चंपाई सोरेन के इस कदम को भाजपा में जाने का संकेत माना गया था. लेकिन बाद में चंपाई सोरेन ने साफ किया कि भाजपा में शामिल होने का कोई इरादा नहीं है.
चंपाई का राजनीतिक पार्टी के पीछे भाजपा
हालांकि चर्चा इस बात को लेकर भी है कि जिन विधायकों के बूते बगावत की तैयारी की गयी थी, एक-एक कर सभी विधायकों ने साथ छोड़ दिया और खाली हाथ सामने आये चंपाई सोरेन को भाजपा स्वीकार करने को तैयार नहीं थी. वह कम से कम छह विधायकों का टूट की आशा कर रही थी, लेकिन जब चंपाई सोरेन को इस ऑपरेशन में नाकामी हाथ लगी तो भाजपा ने भी अपना ऑफऱ वापस ले लिया और आखिरकार चंपाई सोरेन को वापस लौटना पड़ा. मुश्किल यह है कि सियासी घमासान के कारण झामुमो के साथ रिश्ता भी खराब हो गया, मंत्री पद भी करीबन-करीबन हाथ से निकल चुका और भाजपा में एंट्री भी नहीं मिली, अब इस सियासी हालात में अब अपना संगठन खड़ा करने की बात कही जा रही है. लेकिन जब विधानसभा का चुनाव सामने खड़ा है. किसी भी वक्त चुनावी डुगडुगी बज सकती है, क्या संगठन खड़ा करने का वक्त बचा भी है या फिर चंपाई सोरेन के इस संगठन के पीछे भाजपा अपनी उर्जा लगायेगी.
सीता-गीता के प्रयोग के बाद अपना हाथ नहीं जलाना चाहती भाजपा
दरअसल इस आशंका की वजह पिछला अनुभव है, लोकसभा चुनाव के पहले भी भाजपा ने सीता सोरेन और गीता कोड़ा को पार्टी में शामिल कर झामुमो को शिकस्त देने की रणनीति अपनाई थी, तब इसे झामुमो के खिलाफ भाजपा का मास्टर कार्ड बताया गया था और बाबूलाल को इस मास्टर कार्ड का मास्टर माइंड. लेकिन दांव उलटा पड़ गया. ना तो संताल में सीता का दांव काम आया और ना ही कोल्हान में गीता का जलबा चला और इसकी बड़ी वजह आदिवासी-मूलवासी समाज के बीच पसरा यह संदेश था कि हेमंत सोरेन के जेल भेजने के बाद अपने संसाधनों के बल पर दिशोम गुरु की पार्टी को भाजपा खत्म करना चाहती है और एक तरफ हेमंत सोरेन को जेल में बंद कर रखा जा रहा है तो दूसरी ओर झामुमो को खत्म करने की साजिश रची जा रही है. इस हालात में भाजपा एक बार फिर से अपना हाथ नहीं जलाना चाहती और चंपाई सोरेन के संगठन को ही आगे कर ही झामुमो के कोर वोटरों में सेंधमारी करने का प्लान तैयार कर रही है. हालांकि अभी यह प्रारम्भिक जानकारी है, देखना होगा कि आने वाले दिनों में चंपाई सोरेन कौन सा रास्ता अपनाते हैं? और क्या भाजपा के अंदर चंपाई सोरेन को लेकर कोई दूसरी सोच भी बनती है. फिलहाल इंतजार ही एक मात्र विकल्प है.
