बिहार : जीतन सहनी की हत्या की जांच के लिए एसआईटी गठित

दरभंगा (बिहार), 16 जुलाई विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या की जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया गया है।

अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से जीतन सहनी की हत्या कर दी थी। मंगलवार की सुबह उनका क्षत-विक्षत शव दरभंगा के सुपौल बाजार स्थित अफजला में उनके आवास से बरामद किया गया। हत्यारे ने धारदार हथियार से उनका पेट चीर डाला है।

पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है। घर का सामान भी बिखरा पड़ा है।

इधर, घटना की जांच के लिए दरभंगा की ग्रामीण पुलिस अधीक्षक काम्या मिश्रा के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया है। इसमें बिरौल एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी और बिरौल के थाना प्रभारी के अलावा तकनीकी कोषांग, दरभंगा को शामिल किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जीतन सहनी घर में अकेले रहते थे। सोमवार की रात उनकी हत्या की गई है। शव देखने से साफ है कि उनके शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए हैं। उनका शव क्षत-विक्षत हालत में पुलिस ने बरामद किया है। जीतन सहनी की पत्नी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है।

पुलिस आसपास के लोगों और उनके घर आने-जाने वालों से पूछताछ कर घटना के सुराग खोजने की कोशिश कर रही है। पुलिस प्रथम दृष्टया चोरी की घटना की बात कर रही है, हालांकि स्थानीय लोग इसे स्वीकार नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि जीतन सहनी का न कोई बड़ा व्यवसाय था और न ही राजनीति से कोई लेना देना था। वह साधारण किस्म के व्यक्ति थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More