Big breaking: कल हेमंत सरकार का कैबिनेट विस्तार, रामदास सोरेन होंगे 12वें मंत्री

रांची: कल जब एक तरफ भाजपा कार्यालय में पूर्व सीएम चंपाई सोरेन का पार्टी में शामिल होने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जा रही होगी, ठीक उसी वक्त चंपाई सोरेन के इस्तीफे से खाली हुए मंत्री पद पर घाटशिला विधायक रामदास की ताजपोशी की जा रही होगी. इस प्रकार झामुमो ने चंपाई सोरेन के बगावत के बाद कोल्हान के किले को बनाये रखने के लिए संताल चेहरा रामदास सोरेन पर दांव लगाने का फैसला किया है. आपको बता दें कि रामदास सोरेन वर्ष 2009 और 2019 में इस विधानसभा से झामुमो के चुनाव चिह्न पर विधान सभा पहुंचने में सफल रहे हैं. वर्ष 2009 में रामदास सोरेन ने कांग्रेस के प्रदीप बालमूची को 1,192 मतों से पराजित किया था, उस मुकाबले मे प्रदीप बालमूची को 37,091 वोट मिले थें, जबकि रामदास सोरेन ने 38,283 वोट से जीत दर्ज की थी. लेकिन वर्ष 2014 के मुकाबले में रामदास सोरेन को भाजपा के लक्ष्मण टुडू के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा, उस मुकाबले में लक्ष्मण टुडू को 52,506 के साथ जीत मिली थी तो रामदास सोरेन को 46,103 के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था, लेकिन इस मुकाबले में कांग्रेस के चिन्डरेला बालमूची ने भी शानदार प्रर्दशन करते हुए 36,672 वोट हासिल किया, लेकिन वर्ष 2019 में एक बार फिर से जीत रामदास सोरेन के हाथ लगी, रामदास सोरेन ने 63,531 के साथ अपनी दूसरी जीत दर्ज की तो भाजपा के लखन चन्द्र मार्डी को 56,807 के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा, जबकि कांग्रेस छोड़कर आजसू की ओर से मोर्चा संभालने वाले प्रदीप बालमूची को 31,910 के साथ तीसरे स्थान पर सिमटना पड़ा.
कोल्हान से एक दूसरे संताल चेहरे पर दांव
इस प्रकार यह रामदास सोरेन की दूसरी जीत है और चंपाई सोरेन का पार्टी छोड़ने के फैसले के बाद झामुमो ने कोल्हान से दूसरे संताल चेहरे पर दांव खेलकर क्षतिपूर्ति करने की कोशिश की है. हालांकि रामदास सोरेन चंपाई सोरेन के कद-काठी के नेता नहीं है, और ना ही सियासी पिच पर कोई व्यापक अनुभव, लेकिन दावा किया जाता है कि घाटशिला और उसके निकटवर्ती विधानसभा में मजबूत पकड़ है, और इसी जमीनी पकड़ के बल पर प्रदीप बालमूची जैसे कद्दावर चेहरे को चुनावी मैदान में पकटनी देने में कामयाबी हासिल की है.
