तबादले पर रोक! काम नहीं आया ‘हनुमान’ की जादूगरी, कांग्रेस को झटका पर झटका देते हेमंत

रांची: हेमंत रिटर्न टू की सरकार में कांग्रेस कोटे से मंत्रिमंडल में दो मंत्रियों को जगह तो मिल गयी, और इस प्रकार कांग्रेसी वर्षों पुरानी मुराद पूरी हो गयी, लेकिन अंदरखाने सब कुछ सामान्य नहीं है, सीएम हेमंत कांग्रेस को एक के बाद एक झटका मारते दिखलायी पड़ रहे हैं. लोकसभा चुनाव में जिस तरीके से हेमंत की गैरमौजूदगी में कांग्रेस और राजद में सीटों पर कब्जे की होड़ लगी, जहां कांग्रेस लोकसभा की सात सीट अपने हिस्से में ले गयी, वहीं राजद सुप्रीमो ने बगैर झामुमो को विश्वास में लिए पलामू से ममता भुइंया को लालटने थमा कर आंख दिखाने की कोशिश की, कांग्रेस राजद की वह हसरत विधान सभा चुनाव में पूरी होती नहीं दिख रही. बदले हालत में झामुमो की रणनीति दोनों सहयोगियों की सीटों में कटौती कर माले के खाते में डालने की है.
कांग्रेस-राजद की सीटों में कटौती कर माले को देने की तैयारी
दरअसल पांच दशक से कोयलांचल में लाल झंडा का पर्याय मार्क्सवादी समन्वय समिति का माले में विलय तय माना जा रहा है. जानकारों का दावा है कि माले-मासस विलय से कोयलांचल की सियासत में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, भले ही मासस का व्यापक असर सिर्फ निरसा में देखने को मिलता हो, लेकिन प्रभाव कोयलांचल की कई विधानसभाओं पर हैं, जहां वह जीत का परचम भले ही नहीं फहराती हो, लेकिन खेल जरुर बिगाड़ती रही है और यदि मासम -माले का विलय होता है, और महागठबंधन का हिस्सा बनता है, इसका लाभ गठबंधन के दूसरे सहयोगियों को भी होगा. यही कारण है कि झामुमो कोयलांचल की सियासत में माले को स्पेस देकर गठबंधन की ताकत को मजबूत बनाना चाहता है. लेकिन इसकी कीमत भी चुकानी होगी, टिकट बंटवारे में 33 सीट का हसरत पाले कांग्रेस के साथ ही राजद को भी झटका लग सकता है.
सफलता के स्ट्राइक रेट पर तय होगी सीटों की संख्या
दरअसल 2019 को आधार बना कर कांग्रेस की चाहत इस बार 33 सीटों पर चुनाव लड़ने की है, उसका दावा है कि 2019 के बाद पौड़याहाट विधायक प्रदीप यादव और मांडू विधायक जेपी भाई पटेल कांग्रेस के साथ आ खड़े हुए हैं, इस हालत में कांग्रेस की दावेदारी कम से कम 33 सीटों पर बनती है, दूसरी ओर से सात सीटों पर चुनाव लड़कर एक सीट पर जीत दर्ज करने वाली राजद भी इस बार 25 सीटों की मांग करती नजर आ रही है. लेकिन झामुमो की रणनीति 2019 के इनकी हिस्सेदारी में भी कटौती कर मासस- माले के खाते में डालने की है. हालांकि इस मामले में अभी कुछ भी खुल कर बोलने को तैयार नहीं है, लेकिन झामुमो के अंदर इस बात की चर्चा तेज है कि यदि 2019 प्रर्दशन को भी आधार माना जाय तो, सबके बेहतर स्ट्राइक रेट झामुमो का था, 41 सीट पर चुनाव लड़कर झामुमो ने 30 पर जीत दर्ज की थी, कांग्रेस 31 पर चुनाव लड़कर 16 और राजद 7 पर चुनाव लड़कर एक पर सिमट गयी थी. यह इस बात का सबूत है कि राजद -कांग्रेस की सियासी जमीन इतनी मजबूत नहीं है, कि उन्हे 2019 की सीटें दी जाय. बेहतर होगा राजद कांग्रेस उन्ही सीटों पर चुनाव लड़े, जहां उसका मजबूत जनाधार है और जीत की गुंजाइश है.
50 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में झामुमो
अंदरखाने खबर यह है कि इस बार झामुमो खुद कम से कम 50 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है, यानि एक तरफ वह अपनी सीट भी बढ़ायेगी और इसके साथ ही माले को भी उसके हिस्से की सीट देगी, इस हालत में कांग्रेस का 25 सीट से ज्यादा चुनाव लड़ना संभव नजर नहीं आता और इसके साथ ही राजद की सीटों में भी कटौती की जा सकती है.लेकिन बड़ा सवाल यह है कि इस हालत में क्या इंडिया गठबंधन अपने अस्तित्व में रह पायेगा? झामुमो के रणनीतिकारों के अंदर इस पर भी मंथन चल रहा है, कांग्रेस को उसके सियासी जमीन की थाह लेने की सलाह दी जा रही है, झामुमो के रणनीतिकारों का मानना है कि आज का झामुमो 2019 से मजबूत स्थिति में है, जबकि कांग्रेस के पास ना तो 2019 में कोई जनाधार था और ना आज है. उसे हर सीट पर झामुमो की वैसाखी की जरुरत है, यानि फैसला कांग्रेस राजद को लेना है और झामुमो इसका संकेत बार बार दे रही है.
जेपी भाई पटेल का सदस्यता रद्द, क्या है इसके संकेत?
जेपी भाई पटेल की सदस्यता गंवाना भी इसी संकेत का हिस्सा है. झामुमो ने बेहद चालाकी से लोबिन हेम्ब्रम के साथ ही जेपी भाई पटेल की सदस्यता को खत्म करवा दिया, यानि कांग्रेस मांडू से सीटिंग गेटिंग का दावा भी नहीं कर सकती. अब यदि जेपी भाई पटेल को झामुमो का टिकट चाहिए तो कांग्रेस को अलविदा कह झामुमो की सवारी करनी होगी, दूसरी ओर लोरहदगा में कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले चमरा लिंडा आज भी पार्टी के सदस्य है. यानि कांग्रेस के लिए झामुमो अपने विधायक का बलि देने को तैयार नहीं है.
61 बीडीओ तबादले पर रोक, दूसरा झटका
उससे भी मजेदार स्थिति तब आयी, जब सीएम हेमंत के कथित हनुमान इरफान अंसारी के ग्रामीण विकास विभाग की ओर से 61 बीडीओ के तबादले का लिस्ट जारी हुआ. लेकिन दूसरे ही दिन सीएम हेमंत ने अपने हनुमान की इस चाहत पर विराम लगा दिया. यानि इरफान अंसारी को आगे कर कांग्रेस तबादले का जो खेल खेल रही थी. सीएम हेमंत ने एक ही झटके में उस विराम लगा दिया. देखना होगा कि आने वाले दिनों में अभी महागठबंधन के अंदर और कौन-कौन सा खेल देखने को मिलता है. लेकिन इतना साफ है कि ना तो कांग्रेस को 33 सीटें मिलने जा रही है और ना ही राजद के हिस्से में सात सीट आने जा रही है. सीएम हेमंत की निगाहें अपने इन दोनों सहयोगियों के खेल पर बनी हुई है
