झारखंड विधानसभा चुनाव: एनडीए में पेंच फंसाने में जुटी जदयू और हम, आजसू की चुनौती भी भाजपा के लिए कठिन

रांची: झारखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा के लिए बीते लोकसभा चुनाव में कमतर प्रदर्शन के बाद अब झारखंड में 5 साल बाद एक बार फिर से सत्ता में वापसी की कठिन चुनौती है। इसे लेकर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व नित नई नई तैयारियों में जुटा है लेकिन भाजपा के सामने उनके कथित सहयोगी दल एनडीए के तहत चुनाव लड़ने के दावे कर नई नई मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं। ताजा मामला जदयू में सरयू राय की एंट्री के बाद जदयू की संभावित दावेदारी और हिंदुस्तानी आवामी मोर्चा की 5-6 सीटों पर चुनाव लड़ने के एलान का है। 

भाजपा पर रविवार का वार

रविवार को बिहार में भाजपा के सहयोगी दल और केंद्रीय मंत्री जीतन राम सहनी की पार्टी हिंदुस्तानी आवामी मोर्चा यानी हम ने बैठक कर झारखंड में विधानसभा चुनाव एनडीए के तहत लड़ने का एलान कर दिया। राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के बाद पार्टी अध्यक्ष और बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि वह जल्दी ही झारखंड में चुनाव लड़ने को लेकर बीजेपी नेताओं से बातचीत करेंगे। बिहार से सटे पलामू और चतरा में पार्टी के संभावित प्रभाव का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी 5-6 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है हालांकि इस संबंध में कोई अंतिम फैसला बीजेपी नेताओं से बातचीत के बाद ही होगा। 

GUIVrGXWQAAP7rL
हम की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में जीतन राम मांझी ( फाइल फोटो)

एक तरफ हम ने झारखंड चुनाव के लिए अपना पासा फेंका तो दूसरी तरफ रविवार को ही जदयू में पूर्व मंत्री और जमशेदपुर पूर्वी से निर्दलीय विधायक सरयू राय की एंट्री के बाद भाजपा-जदयू के चुनावी गठबंधन होने को लेकर भी कयास लगने लगे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सरयू राय के जदयू में शामिल होने के बाद जदयू के पास चुनावी गठबंधन को लेकर बारगेन पॉवर बढ़ गया है ऐसे में झारखंड में गठबंधन के चुनाव लड़ने के लिए सीटों के बंटवारे के जदयू के दावों को नकार पाना भाजपा के लिए आसान नहीं होगा क्योंकि केंद्र की मोदी सरकार जदयू के बैसाखी पर ही टिकी हुई है। यही कारण है कि सरयू राय की जदयू में एंट्री के बाद झारखंड जदयू बेहद उत्साहित है तो वहीं भाजपा नेता इस मामले में अपनी किसी प्रतिक्रिया से सीधे तौर पर बचते नजर आ रहे हैं।   

GUI3BWTWoAAwEeq
जदयू में शामिल होते सरयू राय ( फाइल फोटो)


आजसू की चुनावी रणनीति

झारखंड में आजसू भाजपा का पुराना सहयोगी रहा है। 2019 के विधानसभा चुनाव को यदि छोड़ दिया जाए तो अब तक के सभी विधानसभा चुनावों में आजसू और भाजपा के बीच चुनावी गठबंधन रहा है और दोनों पार्टियां आपसी तालमेल से ही चुनाव लड़ती रही हैं लेकिन 2019 में जब आजसू को मनचाही सीटें नहीं मिली तो उसने एनडीए से अलग होकर 53 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए जिसका परिणाम हुआ कि बीजेपी प्रदेश में केवल 25 सीटें ही जीत सकी तो वहीं आजसू के खाते में भी केवल 2 सीटें सिल्ली और गोमिया की आई। लेकिन इस बार दोनों ही पार्टियां आपसी तालमेल में चुनाव लड़ने की तैयारी में है। 

app_1719497055667d715f7d423_img-20240627-wa0012 (1)
अमित शाह और सुदेश महतो ( फाइल फोटो )

आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद कई बार दिल्ली का दौरा कर चुके हैं और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से लेकर प्रदेश भाजपा चुनाव प्रभारी व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा से कई दौर की मुलाकात कर चुके हैं ताकि सीटों की संख्या के साथ साथ संभावित सीटों को लेकर भी भाजपा के साथ आपसी सहमति बन सके। आजसू पार्टी की तैयारी राज्य के कम से कम एक दर्जन विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की है जिसमें प्रमुख रूप से सिल्ली, गोमिया, रामगढ़, मांडू, बड़कागांव, लोहरदगा, हुसैनाबाद, जुगसलाई, चंदनकियारी, तमाड़, ईचागढ़ और डुमरी है। 

यह सीटें बढ़ा सकती है मुश्किलें

2019 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी राज्य की सभी 81 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव मैदान में थी और 2014 में जीते गए 37 सीटों के मुकाबले महज 25 सीटें ही जीत पाई जबकि 15 सीटों पर उसे आजसू के हाथों भाजपा को या फिर भाजपा के हाथों आजसू को नुकसान उठाना पड़ा यानी यदि दोनों मिलकर चुनाव लड़ते तो आसानी से बहुमत का आंकड़ा पार हो सकता था ऐसे में इस बार यह 15 सीटें दोनों पार्टियों के बीच रार का नया कारण हो सकता है। इन सीटों में लोहरदगा,खिजरी,चक्रधरपुर, मनोहरपुर, जगन्नाथपुर, ईचागढ़, जुगसलाई, पोटका, घाटशिला, डुमरी, गांडेय, रामगढ़, बड़कागांव, मधुपुर, नाला शामिल है। 

भाजपा के लिए आजसू पार्टी के दावों से निपटना पहले ही कांटों भरी राह मानी जा रही है ऐसे में बदलते राजनीतिक समीकरण में जदयू और हिंदुस्तानी आवामी पार्टी के दावों के बीच नई ताकत के रूप में उभरते युवा नेता जयराम महतो की पार्टी जेबीकेएसएस के संभावित खतरों को ध्यान में रखते हुए रणनीति बनाना बेहद कठिन है क्योंकि बीते लोकसभा चुनाव में डुमरी और गोमिया विधानसभा सीटों पर जयराम महतो की पार्टी पहले स्थान पर रही थी। उतार-चढ़ाव वाले इस राजनीतिक घटनाक्रम के बीच असली तस्वीर साफ होने में फिलहाल कुछ वक्त लगेगा। 

लेखक के बारे में

By Shailendra Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More