जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव का झारखंड कनेक्शन, हिमंत बिस्वा सरमा से भाजपा ने बनाई दूरी!

रांची: जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव की डुगडुगी बज चुकी है। 10 साल बाद तीन चरणों में हो रहे विधानसभा चुनाव में पहले चरण में 18 सितंबर को 24 सीटों पर होने वाले मतदान के लिए नामांकन का आज अंतिम दिन है। इस चुनाव को लेकर झारखंड कनेक्शन भी दिखाई दे रहा है। यह कनेक्शन चुनाव में खड़े दोनों मुख्य रूप राष्ट्रीय दलों यानी कांग्रेस और भाजपा से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है। कांग्रेस ने झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर को जम्मू कश्मीर चुनाव में डोरू सीट से उम्मीदवार बनाया है तो वहीं भाजपा ने प्रदेश चुनाव प्रभारी सह केद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रथम चरण के लिए मुख्य स्टार प्रचारक बनाया है। 

गुलाम अहमद मीर पर कांग्रेस का चुनावी दांव

गुलाम अहमद मीर झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी बनाए जाने से पहले जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं। ऐसे में सांगठनिक क्षमता और जातिगत समीकरणों को देखते हुए पिछले वर्ष उन्हें झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी का दायित्व सौंपा गया था ताकि झारखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 2019 के प्रदर्शन को बेहतर कर सके। हालांकि पार्टी आलाकमान अब उनकी परीक्षा लेने की तैयारी में है और पार्टी ने उन्हें जम्मू कश्मीर में पहले चरण में 18 सितंबर को होने वाले डोरू सीट से उम्मीदवार बना दिया। जम्मू कश्मीर में अगले दो चरणों के चुनाव 25 सितंबर और एक अक्टूबर को होंगे तो वहीं 4 अक्टूबर को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम सामने आएगा। ऐसे में संभावना है कि झारखंड चुनाव में गुलाम अहमद मीर की भूमिका अगले एक महीने तक सीमित ही रह सकती है। कांग्रेस इस बार जम्मू कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। 

शिवराज सिंह चौहान बने स्टार प्रचारक

एक तरफ कांग्रेस ने अपने प्रदेश प्रभारी को चुनाव मैदान में उतार दिया है तो वहीं दूसरी तरफ भाजपा ने अपने प्रदेश चुनाव प्रभारी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के पहले चरण के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा के साथ साथ यूपी और राजस्थान के सीएम को भी शामिल किया गया है लेकिन असम के मुख्यमंत्री और झारखंड भाजपा के चुनाव सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा को स्टार प्रचारक की सूची में शामिल नहीं किया गया है।

पार्टी का यह फैसला इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि हिमंत बिस्वा सरमा पार्टी के उत्तर पूर्वी राज्यों के प्रभारी रह चुके हैं तो वहीं झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हेमंत सरकार के खिलाफ आक्रामक रहते हुए लगातार सक्रिय भी हैं। यह देखने को मिला जब चंपाई सोरेन प्रकरण में, जब जेएमएम और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ बिगुल फूंकने वाले पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को बीजेपी में शामिल कराने के निर्णय में अपनी भूमिका को बखूबी निभाया। ऐसे में संभावना है कि झारखंड में भाजपा की चुनावी धार कम न हो, इसके लिए हिमंत बिस्वा सरमा को जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव से दूर रखा गया। 

झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर भारत निर्वाचन आयोग की टीम का दौरा अगले महीने के पहले सप्ताह में संभावित है, जिसके बाद ही राज्य में विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो सकता है लेकिन कयास इस बात के भी लग रहे हैं कि हरियाणा और जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के बाद आने वाले त्यौहारों के खत्म होने पर ही झारखंड के साथ-साथ महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव हों, वैसे भी झारखंड विधानसभा का कार्यकाल अगल वर्ष यानी 3 जनवरी 2025 तक निर्धारित है।        

लेखक के बारे में

By Shailendra Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More