विधानसभा चुनाव 2024: लोहरदगा के अखाड़े से रामेश्वर उरांव को आउट करने का प्लान!

रांची: आईपीएस की नौकरी छोड़ वर्ष 2010 में राजनीति की पगडंडियों पर सफर की शुरुआत करने वाले रामेश्वर उरांव अब राजनीतिक अवसान की दहलीज पर खड़े नजर आने लगे हैं और इसका कारण है पूर्व आईएएस दिलीप टोप्पो का कांग्रेस में एंट्री. लोहरदगा में डीसी का का दायित्व संभाल चुके दिलीप कुमार टोप्पो को जैसे ही झारखंड प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर और अध्यक्ष राजेश ठाकुर की उपस्थिति में कांग्रेस का पट्टा पहनाने की पहली तस्वीर सामने आयी, सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा तेज हो गयी कि अब जीवन के 77 बसंत देख चुके रामेश्वर उरांव को कांग्रेस आराम देना चाहती है. रामेश्वर उरांव के बजाय इस बार दिलीप टोप्पो को मैदान में उतार कर लोहरदगा फतह करने का इरादा रखती है. हालांकि खबर यह भी है कि फिलहाल रामेश्वर उरांव इस आराम को स्वीकार करने के मूड में नहीं है. लेकिन यदि विपरीत परिस्थितियां बनती है तो उनकी चाहत बेटे रोहित उरांव को सियासी लांच प्रदान करने की थी. लेकिन जिस तरीके से एन चुनाव के पहले दिलीप टोप्पो को कांग्रेस का पट्टा पहनाया गया है, वह बुजुर्ग कांग्रेसी नेता रामेश्वर उरांव के लिए एक बड़ा झटका है.

लोहरदगा में तेज हुई दिलीप टोप्पो की सक्रियता

विधान सभा चुनाव 2024: लोहरदगा के अखाड़े से रामेश्वर उरांव को आउट करने का प्लान!
कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते दिलीप टोप्पो

 

कांग्रेस में एंट्री के साथ ही जिस अंदाज में दिलीप टोप्पो ने लोहरदगा विधान सभा में अपनी सक्रियता को तेज किया है, विधान सभा के दौरे पर निकल पड़े हैं, उससे भी कांग्रेस की बदली सियासत का सकेंत मिल रहा है. लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस बुजुर्ग नेता को कांग्रेस  समायोजित कहां करेगी और बेटे रोहित उरांव का सियासी भविष्य क्या होगा? क्या रामेश्वर उरांव कांग्रेस के इस फैसले को सहर्ष स्वीकार कर लेंगे. क्या अपनी सियासी जमीन को दिलीप टोप्पो को सौंप कर रोहित उरांव के राजनीतिक महत्वाकांक्षा को दफन करने पर विवश कर दिये जायेंगे और क्या रोहित भी इसे स्वीकार कर लेगा? दरअसल पिछले कई महीनों से सियासी गलियारों में रामेश्वर उरांव को लेकर कई खबरें तैर रही थी, दावा किया जा रहा था कि इस बार कांग्रेस उनके बेटे रोहित उरांव को चेहरा बनाने जा रही है, लेकिन इस खेल में एन वक्त पर दिलीप टोप्पो की एंट्री से एक नयी सियासी बिसात की झलक मिल रही है.

 कांग्रेस आजसू के बीच होता रहा है कांटे का मुकाबला

आपको बता दें कि लोहरदगा सीट पर कांग्रेस और आजसू के बीच हमेशा से कांटे का संघर्ष होता रहा है. वर्ष 2000 से इस सीट पर एक बार भाजपा (वर्ष 2000), दो बार आजसू (2009 और 2014) और दो बार कांग्रेस (2005, 2019) को जीत मिली है. वर्ष 2015 में आजसू विधायक कमल किशोर भगत की मौत के बाद हुए उपचुनाव में भी कांग्रेस की जीत मिली थी. 2005 में सुखदेव भगत ने इस सीट से पहली बार कांग्रेस को जीत दिलवायी थी, और यह जीत की कांग्रेस के हिस्से में तब आयी थी जब भाजपा आजसू ने अलग-अलग होकर चुनाव लड़ा था. भाजपा की ओर से सधुनी भगत ने मोर्चा संभाला था तो आजसू की ओर से कमल किशोर भगत ताल ठोक रहे थें, सुखदेव भगत को 35,023 के साथ जीत मिली, तो 28,243 सधुनी भगत को दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था, जबकि आजसू की ओर से मोर्चा संभाल रहे कमल किशोर भगत को 5,845 के साथ पांचवे स्थान पर सिमटना पड़ा. यानि उस वक्त भी यदि भाजपा आजसू साथ में होती तो सुखदेव भगत के सामने मुश्किल खड़ी हो सकती थी.

 कमल किशोर भगत ने पहली बार फहराया था आजसू का झंडा

विधान सभा चुनाव 2024: लोहरदगा के अखाड़े से रामेश्वर उरांव को आउट करने का प्लान!
पूर्व विधायक कमल किशोर भगत (फाइल फोटो)

 

2009 में एक बार इस सीट पर आजसू भाजपा अलग-अलग अखाड़े में उतरी, लेकिन इस बार कमल किशोर ने जबरदस्त वापसी करते हुए 35,816 वोट के साथ इस सीट को अपने नाम कर लिया, सुखदेव भगत को 35,210 वोट के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा, जबकि भाजपा से अखाड़े में उतरे सुधनी भगत को 28,949 के साथ तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. वर्ष 2014 में एक बार फिर से कमल किशोर भगत ने जीत के इस कारवें का जारी रखा. जहां कमल किशोर भगत ने 56,920 के साथ अपनी दूसरी जीत दर्ज की, वहीं सुखदेव भगत को एक बार फिर से 56,328 वोट के साथ दूसरे स्थान पर सिमटना पड़ा, इस बार भाजपा ने अपना प्रत्याशी नहीं उतराने का फैसला किया था. लेकिन इस बीच कमल किशोर भगत की मौत हो गयी और उपचुनाव में सुखदेव भगत ने 73,859 साथ इस सीट को अपने नाम कर लिया, लेकिन 2019 आते-आते सुखदेव भगत पंजा का साथ छोड़ कमल की सवारी कर बैठें. लेकिन चुनावी अखाड़े में उनका यह दांव नहीं चला. इस मुकाबले में सुखदेव भगत को कांग्रेस प्रत्याशी रामेश्वर उरांव के हाथों 30,150 वोटों के विशाल अंतर से हार का सामना करना पड़ा. रामेश्वर उरांव ने इस सीट के कांग्रेस को पहली बार एक मजबूत जीत दिलवायी थी, जहां रामेश्वर उरांव को 74,380 के साथ जीत की वरमाला मिली थी, वहीं सुखदेव भगत को महज 44,230 पर सिमटना पड़ा था, जबकि कमल किशोर भगत की मौत के बाद मोर्चा संभालने उतरे नीरु शांति भगत को  39,916 के साथ तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा.

रामेश्वर उरांव के बगावत से बिखर सकता है कांग्रेस का सपना

साफ है कि रामेश्वर उरांव को मोर्चा पर उतराने के बाद कांग्रेस को लोहरदगा में एक बड़ी जीत मिली थी, इसका इनाम भी मिला. वित्त मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेवारियां मिली. लेकिन अब जबकि रामेश्वर उरांव को कांग्रेस के अंदर से ही चुनौती मिलती दिख रही है. आने वाले दिनों में लोहरदगा सीट पर कौन सा सियासी बयार बहता है, यह देखना दिलचस्प होगा. जानकारों का दावा है कि रामेश्वर उरांव हार मानने वालों में नहीं हैं, पर कतरने की यह कवायद कांग्रेसी रणनीतिकारों पर उलटा भी पड़ सकता है, इसकी कीमत लोहरदगा सीट गंवाने के रुप में चुकानी पड़ सकती है. दरअसल खबर यह है कि प्रदेश कांग्रेस के कुछ ताकतवर नेताओं की चाहत रामेश्वर उरांव को सियासी तौर पर सलटाने रही है. इन्ही नेताओं के द्वारा एक प्लानिंग के तहत  दिलीप टोप्पो को पार्टी में शामिल करवाया गया है. लेकिन रामेश्वर उरांव भी बेखर नहीं है, उनकी नजर इस खेल पर बनी हुई है, इस हालत में देखना होगा कि रामेश्वर उरांव का अगला सियासी दांव क्या होता है? और किस प्रकार इस चुनौती का मुकाबला करते हैं. 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More