रामगढ़ विधानसभा चुनाव 2024: बजरंग का गदा या जारी रहेगा सुनीता चौधरी का कारवां
रांची: हर गुजरते दिन के साथ के विधानसभा चुनाव की जंग तेज हो रही है. एक तरफ हेमंत सरकार इस चुनावी बेला में नयी- नयी लोकलुभान योजना सहारे अपनी सियासी पिच तैयार कर रही है, कभी किसानों की कर्ज माफी का दायरा को 50 हजार से बढ़ाते हुए 2 लाख करने का एलान किया जा रहा है, तो कभी मुख्यमंत्री झारखंड मंईयां सम्मान योजना के तहत 21 से 51 वर्ष की आयू की महिलाओं को एक हजार प्रति माह खाते में डालने की घोषणा की जा रही है. दूसरी तरफ भाजपा बांग्लादेशी घुसपैठ को एक सियासी मुद्दा बन चुनावी वैतरणी पार करने की कोशिश करती नजर आ रही है. और इस सबके बीच चुनावी मोहरे की खोज भी जारी है, सामाजिक समीकरणों के सहारे सियासी बिसात बिछाया जा रहा है. जीत और हार की तराजू पर उम्मीदवारों की साख को तौला जा रहा है. इस माप तौल में यदि मौजदा प्यादे में कोई खोंट नजर आती है, तो फिर नये पहलवान की खोज की जा रही है. फिलहाल हर सियासी दल सीट दर सीट हर अपनी कमजोरी और ताकत का आकलन करने में लगा है. इस बीच खबर यह है कि अगस्त के अंतिम सप्ताह तक भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने जा रही है, खास कर उन सीटों से उम्मीदवारों की घोषणा पहले करने की बात कही जा रही है, जहां उसके लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं है. संताल और कोल्हान की आदिवासी बहुल सीटों को भी इसी कैटेगरी में माना जा रहा है.
टाइगर जयराम की एंट्री से बिगड़ सकता है रामगढ़ का खेल
लेकिन आदिवासी बहुल सीटों के साथ ही कुर्मी बहुल सीटों को संभालना भी भाजपा के लिए कम बड़ी चुनौती नहीं है और इसका कारण है झारखंड की कुर्मी पॉलिटिक्स में एक और सितारे का उदय. जिस तरीके से टाइगर जयराम ने लोकसभा चुनाव में कुर्मी मतों में सेंधमारी की है, अप्रत्याशित वोट हासिल किया है, वह इंडिया गठबंधन हो या भाजपा-आजसू की जोड़ी दोनों के ही सामने मुश्किल खड़ी कर सकता है. यही चुनौती रामगढ़ विधानसभा में भी देखने को मिल रही है. अब तक रामगढ़ के दंगल में मुख्य मुकाबला इंडिया गठबंधन और एनडीए के बीच ही होता रहा था. लेकिन इस बार रामगढ़ की सियासत में भी टाइगर जयराम का पदचाप भी सुनाई पड़ने लगा है. लोकसभा चुनाव में जिस तरीके से रामगढ़ विधान सभा से जयराम की पार्टी ने वोट हासिल किया, उसके बाद जयराम के हौसले भी बुलंद है. हालांकि रामगढ़ में जयराम की पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा से चेहरा कौन होग? इसको लेकर अभी कोई तस्वीर साफ नहीं है. लेकिन यदि जयराम ने भी किसी कुर्मी चेहरे पर दांव खेलने का फैसलाकिया इस बार कुर्मी वोटरों का तीन हिस्सों में बिखरना तय है. उस हालत में जेएलकेएम के हिस्से जीत की वरमाला आये या नहीं, लेकिन आजसू कांग्रेस के लिए जीत और हार की वजह जरुर बनेगा.
रामगढ़ सीट से कांग्रेस के टिकट के दावेदार

जहां तक एनडीए का सवाल है तो इस बार भी सुनीता चौधरी की उम्मीदवारी तय मानी जा रही है. उधर कांग्रेस की ओर से एक बार फिर से बजरंग महतो का भी मैदान में उतरना तय माना जा रहा है. हालांकि कांग्रेस की ओर से कई दूसरे चेहरे भी टिकट की आस लगाये बैठे हैं. जिसमें एक बड़ा चेहरा शांतनु मिश्रा का है. कांग्रेस संगठन में विभिन्न दायित्यवों का निर्वहन कर चुके शांतनु मिश्रा की हसरत भी इस बार हसरत रामगढ़ से ताल ठोंकने की है. कुर्मी बहुल रामगढ़ में शांतनु मिश्रा की रणनीति शहरी मतदाताओं के सहारे सियासी बेड़ा पार लगाने की है. एक दूसरा चेहरा प्रीति दीवान का भी है. प्रीति दीवान दुमकी क्षेत्र से जिला परिषद की सदस्य भी रह चुकी हैं. इस बार उनकी कोशिश भी रामगढ़ के सियासी दंगल में उतरने की है.

ममता के रुप में कांग्रेस के पास मजबूत चेहरा
हालांकि रामगढ़ की सियासत पर नजर रखने वाले जानकारों का दावा है कि ममता देवी के रुप में कांग्रेस के पास पहले से ही एक मजबूत चेहरा है. ममता कुर्मी बहुल रामगढ़ के सामाजिक समीकरण में भी फिट बैठती है. यह ठीक है फिलहाल ममता देवी कानूनी फंदे में फंसी हुई हैं. लेकिन, उपचुनाव में पति बजरंग महतो ने भी आजसू के सुनीता चौधरी के सामने मजबूत चुनौती पेश की थी. यह ठीक है कि जीत की वरमाला सुनीता चौधऱी के हिस्से गयी, उन्हे 115,669 मतों के साथ जीत मिली थी, लेकिन बजंरग महतो के चेहरे के सहारे कांग्रेस ने भी 93,699 वोट हासिल करने में कामयाबी हासिल की और यह स्थिति तब थी, जब ममता देवी खुद हजारीबाग जेल में कैद थी, कालकोठरी में कैद होकर भी रामगढ़ के मतदाताओं के नाम पत्र लिख कर सियासी दांव खेल रही थी. कानूनी फंदे से मुक्ति मिले या नहीं लेकिन फिलहाल ममता देवी जेल के सीखचों के बाहर जरुर हैं. इस बार बंजरग महतो का चुनाव कमान भी ममता के हाथ में ही होगी. इस हालत में कांग्रेस की ओर से चेहरे में बदलाव की कोई मजबूत संभावना नजर नहीं आती.
सुनीता चौधरी का एक बार फिर से अखाड़े में उतरना तय

जहां तक आजसू की बात है तो सुनीता चौधरी का एक बार फिर से अखाड़े में उतरना तय माना रहा है और इस प्रकार मुकाबला सुनीता चौधरी बजरंग महतो के बीच ही होना तय माना जा रहा है. हालांकि जयराम की पार्टी की कोशिश इस मकाबले को त्रिकोणीय बनाने की होगी. देखना होगा कि जयराम महतो इस मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में कितना सफल होते हैं या फिर वोटों में सेंधमारी कर जीत-हार की संभावनाओं में उलट फेर करते हैं. वैसे कई जानकारों का दावा है कि जयराम की इस एंट्री से कांग्रेस के बजाय आजसू को ज्यादा नुकसान होगा. वैसे भी सुनीता चौधरी के पति चन्द्रप्रकाश चौधरी के साथ जयराम के रिश्ते बेहतर नहीं बताये जाते. गिरिडीह की सियासत में दोनों एक दूसरे विरोधी है. इस हालत में जयराम की कोशिश सीपी चौधरी को सियासी रुप से कमजोर करने की हो सकती है.
लगातार तीन बार जीत दर्ज कर चुके हैं चन्द्र प्रकाश चौधरी
आपको बता दें कि रामगढ़ विधानसभा में सीपी चौधरी की मजबूत पकड़ रही है, वह खुद भी इस सीट से वर्ष 2005,2009 और 2014 में लगातार जीत दर्ज कर चुके हैं. करीबन दो दशक का लम्बा इंतजार और संघर्ष के बाद इस सीट पहली जीत ममता देवी ही ने वर्ष 2019 में दिलवायी थी. इसके पहले तक कांग्रेस शाहजादा अनवर (2009 और 2014) के चेहरे को सहारे इस सीट को छीनने की कोशिश कर चुकी थी, झामुमो ने भी कई चेहरों पर दांव लगाया था, लेकिन किसी भी चेहरे से सफलता नहीं मिली, चन्द्रप्रकाश चौधरी का कारवां लगातार बढ़ता रहा. वर्ष 2009 में जहां शाहजादा अनवर को 36,472 पर सिमटना पड़ा था, वहीं चन्द्रप्रकाश चौधरी ने 61,947 के साथ जीत दर्ज की थी. ठीक यही स्थिति वर्ष 2014 में भी रही. इस बार भी शाहजादा अनवर 45,169 वोट पर सिमट गयें, वहीं चन्द्रप्रकाश चौधरी ने 98,987 के साथ इस सीट को अपने नाम कर लिया. लेकिन वर्ष 2014 में आजसू ने चन्द्रप्रकाश चौधरी को गिरिडीह संसदीय सीट से मैदान में उतार दिया, यहां भी चन्द्रप्रकाश चौधरी ने कामयाबी का झंडा गाड़ दिया. जिसके बाद आजसू ने रामगढ़ विधान सभा से उनकी पत्नी सुनीता चौधरी को मुकाबले में उतारा. लेकिन सुनीता चौधरी को ममता देवी के हाथों हार का सामना करना पड़ा. हालांकि ममता देवी की यह जीत स्थायी नहीं रह सकी, कानूनी दांव पेच में फंस कर अपनी सदस्यता गंवानी पड़ी और उपचुनाव में सुनीता चौधरी इस सीट को अपने नाम करने में सफल रही.
छह में से तीन बार आजसू ने गाड़ा कामयाबी का झंडा
आपको यह भी बता दें इस सीट को लेकर झामुमो ने भी कई प्रयोग किये, लेकिन उसे भी किसी भी चेहरे से कामयाबी हाथ नहीं लगी. 2000 के बाद अब तक रामगढ़ में कुल छह चुनाव और एक उपचुनाव हुआ, इसमें से छह में से तीन बार आजसू, एक बार भाजपा (बाबूलाल मरांडी-2001) एक बार भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी (वर्ष 2000-शब्बीर अहमद कुरैशी उर्फ भेड़ा सिंह) और एक बार कांग्रेस को जीत मिली और यह जीत भी तब मिली, जब उसने ममता के चेहरे पर दांव खेला. जमीन हकीकत और सामाजिक समीकरण को सामने रख चुनावी विसात बिछाया.
क्या है सामाजिक समीकरण
एक अनुमान के अनुसार रामगढ़ विधान सभा में करीबन 25-30 फीसदी-कुर्मी, मुस्लिम-16 फीसदी, वैश्य 15-फीसदी, आदिवासी-12 फीसदी कोयरी-8 फीसदी के साथ ही राजपूत, भूमिहार सहित दूसरी अगड़ी जातियों की आबादी भी 10 फीसदी के आसपास है. इसी कुर्मी मतदाताओं के सहारे आजसू की सियासत चलती रही है. लेकिन, पहली बार ममता देवी के चेहरे के सहारे कांग्रेस को इस वोट बैंक में सेंधमारी करने में कामयाबी हाथ लगी. जैसे ही 16 फीसदी मुस्लिम, 12 आदिवासी के साथ ही कुर्मी मतदाताओं का एक हिस्सा कांग्रेस के साथ खड़ा हुआ, चन्द्रप्रकाश चौधरी का तिलिस्म टूटता नजर आया, लेकिन उपचुनाव में कुर्मी मतदाताओं के द्वारा एक बार फिर से आजसू का दामन थामते ही, ममता की गैर मौजूदगी में बैटिंग पिच पर उतरे बजंरग महतो को हार का सामना करना पड़ा. इस हालत में देखना दिलचस्प होगा कि इस बार के चुनावी मुकाबले में कौन सा रंग खिलता है. एक तरफ चन्द्रप्रकाश चौधरी की मजबूत सियासी जमीन है तो दूसरी तरफ ममता देवी का जमीनी संघर्ष, जिसकी कीमत अपनी सदस्यता गंवाने के रुप में चुकानी पड़ी है.
