विधानसभा चुनाव 2024: निरसा में लाल झंडा का परचम या खिलेगा कमल! कौन होगा झामुमो का तुरुप का पत्ता

धनबाद: कोयलानगरी धनबाद लोकसभा के अंतर्गत आने वाली छह विधान सभाओं में एक निरसा विधान सभा भी है. धनबाद से करीबन 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित निरसा की मुख्य पहचान भी कोयला खनन को लेकर है. ईस्टर्न कोलफील्ड्स के अंतर्गत आने वाली मुग्मा क्षेत्र की चापापुर, बदजना, निरसा, मंडमन, कपासरा, लखीमाता, कुमारधुबी, गोपीनाथपुर जैसी कोयलवरियां यहींअवस्थित है. हालांकि मिट्टी अनुपजाऊ( लेटराइट) है. बावजूद इसके सीमित मात्रा में सही धान, मरुआ, मक्का, गेहूं, जौ, जई, चना जैसी फसले उगा ली जाती है. अपने कोयले के लिए पूरे देश में एक खास पहचान रखने वाला धनबाद जिला भी देश के पिछड़े जिलों में सूचीबद्ध है. केन्द्र सरकार की ओर से हर वर्ष पिछड़ा क्षेत्र अनुदान निधि के तहत वित्तीय सहायता प्रदान किया जाता है.

लाल झंडा निरसा की पहचान

जैसा की आपने देखा कि निरसा विधान सभा क्षेत्र में कई कोयलवरियां है, जहां हजारों हजार मजदूर प्रतिदिन कार्य करते हैं, जिसके कारण निरसा मजदूर संगठनों के लिए भी उर्वर भूमि रहा है. माओवादी गतिविधियों का केन्द्र भी रहा तो मार्क्सवादी समन्वयवादी समिति से लेकर फार्वर्ड ब्लाक जैसे वामपंथी संगठनों की सक्रियता भी रही.  जहां तक निरसा का सियासी मिजाज का सवाल है तो लाल झंडा इसकी पहली पसंद रही है. चुनाव दर चुनाव मार्क्सवादी समन्वय समिति और अखिल भारतीय फार्वर्ड ब्लाक का मुकाबला होता रहा. हालांकि वक्त के साथ भारतीय फार्वर्ड ब्लाक कमजोर होता गया, और उस स्थान को भरने में भाजपा कामयाब हुई, लेकिन पहली बार निरसा में कमल 2019 में खिला, जब लाल झंडा को झोड़कर अर्पणा सेन गुप्ता ने कमल का दामन थामा था. 

वर्ष 2000 में दो मशहूर वामपंथी नेताओं की हत्या 

यदि हम इसके अतीत के पन्नों को समझने की कोशिश करें तो  वर्ष 2000 में इस सीट से मशहूर मजदूर नेता गुरुदास चटर्जी को सफलता मिली थी. यह मुकाबला दो लाल झंडा के बीच में था और गुरुदास चटर्जी ने फार्वर्ड ब्लाक के सुब्रत सेन गुप्ता को 781 वोट से पराजित किया था. तब कांग्रेस के कृपा शंकर चटर्जी को 21,163 और भाजपा के सत्यदेव गोस्वामी को 9,755 वोट मिले थें.  लेकिन 14 अप्रैल 2000 को  देवली के समीप एनएच-2 पर धनबाद से निरसा लौटने के दौरान गुरुदास चटर्जी की गोली मार कर हत्या कर दी गयी. दावा किया गया कि गुरदास चटर्जी की हत्या में कोल माफियाओं का हाथ था.  इसके बाद वर्ष 2005 का चुनाव आया, इस बार बाजी अर्पणा सेन गुप्ता के हाथ लगी.

 लाल झंडों के बीच संघर्ष में खिला कमल

यहां बता दें कि अर्पणा सेनगुप्ता उसी सुब्रत सेन गुप्ता की पत्नी है, जिनका मुकाबला 2000 में गुरुदास चटर्जी के साथ हुआ था और और 781 वोटों से शिकस्त मिली थी. गुरुदास चटर्जी के समान ही सुब्रत सेन गुप्ता की हत्या भी 5 अक्टूबर 2002 को जीटी रोड पर देवली के पास ही गोपालगंज मोड़ पर कर दी गयी थी. उस वक्त सुब्रत सेन गुप्ता अपने भाई और ड्राइवर के साथ धनबाद से लौट रहे थें. अपराधियों ने भाई और ड्राइवर को भी नहीं छोड़ा था. गुरुदास चटर्जी की शहादत के बाद निरसा में पार्टी का कमान बेटे अरुप चटर्जी ने संभाला तो सुब्रत सेन गुप्ता की शहादत के बाद पत्नी अर्पणा सेनगुप्ता ने मोर्चा खोला और दो लाल झंडे के बीच वर्चस्व का खेल चलता रहा. 2005 में अर्पणा सेन गुप्ता ने 2,337 मत के साथ अरुप चटर्जी को शिकस्त देने में कामयाब रही. इस मुकाबले में भाजपा के अशोक कुमार मंडल को 30,678 वोट के साथ तीसरा स्थान मिला था. जबकि वर्ष 2000 में तीसरे स्थान पर रहने वाली कांग्रेस का कोई अता-पता नहीं था. वर्ष 2009 के मुकाबले में 68,965 वोट के साथ बाजी अरुप चटर्जी के हाथ लगी, भाजपा के अशोक मंडल 33,388 वोट लाकर दूसरे स्थान तक पहुंचने में सफल रहें, जबकि अर्पणा सेनगुप्ता 17,597 के साथ तीसरे स्थान पर सिमटना पड़ा.  

2014 में एक बार फिर से 51,581 के साथ बाजी अरुप चटर्जी के हाथ रही. इस बार भाजपा ने अशोक मंडल को किनारा कर गणेश मिश्रा को मैदान में उतारा था. गणेश मिश्रा को 50,546 के साथ दूसरे स्थान पर सिमटना पड़ा.

जबकि झामुमो ने भाजपा का दामन छोड़ तीर-धनुष थामने  वाले अशोक कुमार मंडल को  मैदान में उतारा था, अशोक कुमार मंडल को 43,329 के साथ तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा, लेकिन खास बात यह रही कि निरसा विधान सभा में पहली बार झामुमो 43,329 वोट लाने में कामयाब रही. लेकिन सबसे चौंकाना वाला मुकाबला वर्ष 2019 का रहा. जब अर्पणा सेनगुप्ता ने राजनीति का सबसे बड़ा यू टर्न लिया. जिस लाल झंडा का शपथ खाकर वह अपने पति सुब्रत सेनगुप्ता को शहीद बताती थी, लाल झंडा ही मजदूरों का परचम और सर्वहारा का प्रतीक है, और जिंदगी का मकसद है, का दावा करती थी, दो बार की लगातार हार के बाद एक ही झटके में उसी भाजपा का झंडा थामने का फैसला किया. जिसे कल तक फासीवादी शक्ति और मजदूरों और शोषितों का दुश्मन बता कर अपने कार्यकर्ताओं के बीच जोश का संचार करती थी.

चुनाव दर चुनाव मजबूत होता दिख रहा है झामुमो की पकड़

लाल झंडा छोड़ कमल की सवारी करते ही अर्पणा सेन गुप्ता  का जीत का अंतर भी बढ़ा. 2005 में 50,533 वोट लाने वाली अर्पणा सेनगुप्ता को कमल की सवारी करते ही 89,082 वोट प्राप्त हुआ, अरुप चटर्जी को 63,624 मतों के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा, जबकि झामुमो के अशोक मंडल को 47,168 के साथ तीसरा स्थान मिला. अब यदि आप इस आंकड़े को गौर से देखें तो चुनाव दर चुनाव झामुमो का वोट प्रतिशत में इजाफा हो रहा है. इस हालत में इस बार का समीकरण क्या होगा, देखने वाली बात होगी. सियासी गलियारों में मार्क्सवादी समन्वय समिति का झामुमो में विलय की चर्चा तेज है, दूसरी चर्चा माले में विलय की है. यानि बदली हुई परस्थितियों में अरुप चटर्जी भी इस हकीकत को स्वीकार कर रहे हैं कि अब लाल झंडे में वह दम खम नहीं रहा. इस हालत में समान विचारधारी की पार्टी में विलय कर निरसा में भाजपा के सामने मजबूत चुनौती पेश की जाय. हालांकि झामुमो की रणनीति क्या होगी, अभी कुछ कहना मुश्किल है, बहुत संभव  है कि वह अशोक कुमार मंडल को ही आगे कर विधान सभा चुनाव में उतरे और यदि ऐसा होता है तो यह अरुप चटर्जी के लिए एक बड़ा झटका होगा.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More