विधानसभा चुनाव 2024: बगोदर की लाल जमीन पर ‘कमल’ या लाल झंडा का परचम!

रांची: बगोदर का जिक्र होते ही आंखों के सामने सीपीआईएमएल लिबरेशन का लड़ाकू- पढ़ाकू योद्धा महेन्द्र सिंह की तस्वीर सामने आती है. इसी बगोदर विधानसभा से महेन्द्र सिंह वर्ष 1990,95 और 2000 विधानसभा पहुंचे थें. महेन्द्र सिंह ने अपने छोटे से सियासी कैरियर में बिहार की सियासत की बारीकियों को भी समझा और झारखंड के जमीनी मुद्दों की समझ भी पैदा की. इसी जमीनी समझ का परिणाम था कि जब विधानसभा के अंदर उनका धारदार, बिन्दुवार और जनपक्षधऱता से भरपूर भाषण होता था, तब कई बार तालियों की गड़गड़ाहट सत्ता पक्ष से आती दिखलायी पड़ती थी. जब महेन्द्र सिंह दस्तावेजी साक्ष्य और आंकड़े के साथ सत्ता पक्ष की खिंचाई करते थें, तब लगता है कि विधानसभा के अंदर विपक्ष का सिर्फ एक ही चेहरा है. लेकिन नियति को कुछ और मंजूर था. 16 जनवरी 2005 को जब महेन्द्र सिंह चुनावी प्रचार में थें, झारखंड में विधानसभा चुनाव की डुगडुगी बज चुकी थी,  माओवादियों ने उनकी हत्या कर दी. इस प्रकार एक लाल झंडे के योद्धा का अंत दूसरे लाल झंडे द्वारा किया गया. महेन्द्र सिंह के हत्या के बाद झारखंड में पहली बार माओवादियों को बुद्धिजीवियों और दूसरे सोशल एक्टिविस्टों के गुस्से का भी सामना करना. महेन्द्र सिंह का कथित ‘सफाया’ क्यों हुआ, इसका कोई जवाब माओवादियों के पास नहीं था.

 

 विधानसभा चुनाव 2024: बगोदर की लाल जमीन पर 'कमल' या लाल झंडा का परचम!
महेन्द्र सिंह (फाइल फोटो)

 

कॉमरेड महेन्द्र सिंह की शहादत के बाद बेटे विनोद को कमान 

महेन्द्र सिंह की शहादत के बाद सीपीआईएमएल लिबरेशन ने उनके बेटे विनोद सिंह को चुनावी अखाड़े में उतारने का फैसला किया, इस बार भी विनोद सिंह के सामने झामुमो से नागेन्द्र महतो थें, नागेन्द्र महतो इसके पहले भी वर्ष 2000 में महेन्द्र सिंह के सामने मुकाबले में उतर चुके थें, लेकिन तब नागेन्द्र महतो को 20,955 मत के साथ तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था, जबकि 25,529 के साथ जदयू के गौतम सागर राणा को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ था, जबकि 32,182 वोट के साथ महेन्द्र सिंह को जीत मिली थी. लेकिन इस बार जब नागेन्द्र महतो ने विनोद सिंह का सामना किया तो 44,272 के साथ दूसरे स्थान तक पहुंचने में सफल रहें. इधर जदयू ने भी गौतम सागर राणा के बजाय खड़कधारी सिंह को दांव लगाया था. लेकिन खड़कधारी सिंह महज 6,325 वोट पर सिमट गयें. जबकि 68,752 वोट के साथ विनोद सिंह को जीत मिली. कहा जा सकता है कि विनोद सिंह के पक्ष में महेन्द्र सिंह की शहादत के कारण सहानुभूति की लहर भी थी. बावजूद इसके नागेन्द्र महतो ने एक मजबूत चुनौती पेश की. वर्ष 2009 में एक बार फिर से विनोद सिंह ने जीत का कारवां बरकरार रखा. इस बार फिर से मुकाबले में नागेन्द्र महतो थें, लेकिन झंडा बदल चुका था, झामुमो का झंडा फेंक कर नागेन्द्र महतो इस बार बाबूलाल की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा प्रजातांत्रिक का झंडा थाम चुके थें. उधर वर्ष 2000 में जदयू के झंडे से अखाड़े में उतरने वाले गौतम सागर राणा राजद के लालटेन के साथ खड़े थें. इस मुकाबले में जहां विनोद सिंह को 54,436 के साथ जीत मिली, वहीं नागेन्द्र महतो को 47,718 को एक बार फिर से दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. जबकि लालटेन की सवारी करने बावजूद गौतम सागर राणा को महज 13,499 के साथ तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा.

बगोदर की लाल जमीन पर पहली बार कमल 

 विधानसभा चुनाव 2024: बगोदर की लाल जमीन पर 'कमल' या लाल झंडा का परचम!
नागेन्द्र महतो (फाइल फोटो )

 

वर्ष 2014 में आखिरकार नागेन्द्र महतो को सफलता मिल ही गयी. महेन्द्र सिंह को चुनौती पेश करते- करते आखिरकार बिनोद सिंह को पटकनी देने में कामयाबी मिल गयी. लेकिन इस कामयाबी के लिए नागेन्द्र महतो को एक बार फिर से झंडा बदलना पड़ा. झामुमो, झाविमो का झंडा ढोने के बाद आखिरकार कामयाबी भाजपा के झंडे से मिली. इस एक जीत से नागेन्द्र महतो के साथ ही भाजपा का भी सपना पूरा हुआ, बगोदर की लाल जमीन पर पहली बार कमल खिल चुका था. नागेन्द्र महतो ने 74,898 के साथ यह सीट अपने नाम कर लिया तो 70,559 के साथ विनोद सिंह को दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. और इसका बड़ा कारण था बाबूलाल मरांडी के द्वारा पहली बार बगोदर में किसी मुस्लिम चेहरे पर दांव खेलना, झाविमो की ओर से बैटिंग करते हुए मोहम्मद इकबाल ने अल्पसंख्यक मतों में 16,823 के साथ मजबूती सेंधमारी किया और इस प्रकार कमल खिल गया.

2019 में फिर से लाल झंडा की वापसी 

लेकिन वर्ष 2019 में विनोद सिंह ने एक बार फिर से बगोदर की लाल धरती पर कमल को मूर्छाने मुरझान पर मजबूर कर दिया. वर्ष 2014 के 70,559 आंकड़े को आगे बढ़ाते हुए इस बार अपना कांटा 98,201 तक पहुंचा दिया, जबकि नागेन्द्र महतो 83,656  सिमट गयें. इस बार बाबूलाल ने मोहम्मद इकबाल को अखाड़े से वापस लेकर रजनी कौर को मोर्चे पर तैनात किया था, और रजनी महज 8,749 पर ही सिमटने पर मजबूर हो गयी, और यह सेंधमारी भी भाजपा के खाते से हुई.

 

विनोद सिंह के सामने भाजपा का चेहरा कौन?

 विधानसभा चुनाव 2024: बगोदर की लाल जमीन पर 'कमल' या लाल झंडा का परचम!
छोटेलाल यादव (फाइल फोटो)

 

बड़ा सवाल यह है कि वर्ष 2024 में क्या गुल खिलने वाला है? इतना तो तय है कि इस बार भी लाल झंडा का कमान विनोद सिंह के हाथ में रहेगा, लेकिन विनोद सिंह के सामने भाजपा की ओर से चेहरा कौन होगा? यह ठीक  है कि नागेन्द्र महतो इस बार भी ताल ठोंकने की तैयारी में हैं, लेकिन बदलते सियासी हालात में बगोदर में भाजपा के अंदर से ही नागेन्द्र महतो को चुनौती मिलती दिख रही है. इस बार एक साथ कई चेहरे भाजपा की ओर से मैदान में कूदने को बेकरार दिख रहे हैं, इसमें एक चेहरा तो जिला उपाध्यक्ष छोटेलाल यादव का है. हाल के दिनों में बगोदर में इनकी सक्रियता बढ़ती दिखलायी दे रही है, दावा किया जा रहा है भाजपा का एक खेमे का इनको समर्थन भी हासिल है, वहीं दूसरा चेहरा बगोदर पूर्वी से जिला परिषद सदस्य रीता माथुर प्रसाद का है.

 विधानसभा चुनाव 2024: बगोदर की लाल जमीन पर 'कमल' या लाल झंडा का परचम!
रीता माथुर प्रसाद

 

बगोदर की सियासत पर बारीक नजर रखने वाले जानकारों का दावा है कि इस लाल धरती पर भाजपा कई टुकड़ों में विभक्त है. हर गुट की अपनी राजनीति और सियासी चाहत है. खास कर नागेन्द्र महतो, रीता माथुर प्रसाद और छोटेलाल यादव की गुटबाजी कुछ ज्यादा ही प्रखर है, यदि इसमें किसी एक गुट के हिस्से सीट आती है, तो बाकी के दो गुटों के द्वारा भीतरघात के खेल से इंकार नहीं किया जा सकता.

 
विकास की लम्बी लकीर 

विधानसभा चुनाव 2024: बगोदर की लाल जमीन पर 'कमल' या लाल झंडा का परचम!
विनोद सिंह (फाइल फोटो)

 

पिछले पांच वर्षों में विनोद सिंह ने विकास की एक नयी और लम्बी लकीर खींचने की कोशिश की है. सड़कों का जाल बुना है और भी दूसरी  योजनाओं को जमीन पर उतारने की सफल कोशिश हुई है. अभी हाल ही में तीन करोड़ की लागत से पुस्तकालय बनाने की घोषणा हुई है. बगोदर के शैक्षणिक वातावरण में सुधार की दिशा में इसे एक बड़ा कदम माना जा रहा है, कई दूसरे शैक्षणिक संस्थान भी अस्तित्व में आयें हैं. बावजूद इसके समस्याओं का अम्बार है. खास कर प्रखंड कार्यालय से लेकर अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार की जो तस्वीर है, वह बेहद डरावनी है. बगैर चढ़ावे के एक फाइल आगे बढाना मुश्किल है. लेकिन गुटों में विभक्त भाजपा जमीनी मुद्दों के बजाय दूसरे नारों में उलझती नजर आ रही है. कोनार नहर परियोजना जिसके बूते बगोदर की धरती सोना उगल सकती थी, आज भी लटकी पड़ी है. बेरोजगारी का आलम यह है कि देश का शायद ही कोई हिस्सा ऐसा हो, जहां इस विधानसभा से श्रमिकों की मौजदूगी नहीं हो. हर महीने प्रवासी मजदूरों का शव विधान सभा के किसी ना किसी हिस्से मे जरुर पुहंचता है. किसी की मौत कारखाने के अंदर होती है तो कोई दूसरे कारण से दम तोड़ जाता है, रोजगार का कोई दूसरा साधन नहीं है, रही जमीन तो असिंचित जमीन कितने को रोजगार प्रदान कर सकती है. 
   

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More