विधानसभा चुनाव: संताल फतह के सपने में ‘कांटा’ बने निशिकांत! कैसे पूरा होगा भाजपा का सपना!

रांची: चुनावी मोड़ पर खड़ी भाजपा का सपना इस बार झामुमो का सबसे मजबूत किला संताल की 16 और कोल्हान की 13 सीटों में कम से कम 10 सीटों पर ‘कमल’ खिलाकर सत्ता में वापसी करने की है. इस सपने को साकार करने के लिए असम सीएम हिमंता विश्व सरमा और केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी पूरी उर्जा झोंक रहे हैं. सियासी रणनीति बांग्लादेशी घुसपैठ और हेमंत सरकार की वादा खिलाफी को मुद्दा बनाकर चुनावी दंगल में उतरने की है. इस बार वह अपने सभी प्रमुख चेहरों को मैदान में झोंकना चाहती है. इसी रणनीति के तहत लोहरदगा से तीन-तीन बार के सांसद रहे सुदर्शन भगत, लुईस मरांडी, पूर्व राज्य सभा सांसद समीर उरांव, पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी, जनजातीय आयोग के सदस्य और रांची की पूर्व मेयर आशा लकड़ा और अरुण उरांव के साथ सभी हेवीवेटों को मैदान में उतारने की रणनीति है. दावा किया जा रहा है कि इस बार छत्तीसगढ़ की तर्ज पर झारखंड में भी विधान सभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के पहले ही दो दर्जन सीटों पर उम्मीदवारों का एलान कर दिया जायेगा, अगस्त के अंतिम सप्ताह तक इसकी सूची भी सामने आ जायेगी.

सियासी प्लान में चुना लगाते भाजपा कार्यकर्ता 

लेकिन चुनाव प्रभारी और सह प्रभारी की ओर से जो उर्जा झोंकी जा रही है, जिस सियासी विसात को बिछाया जा रहा है. भाजपा नेताओं के द्वारा ही उसमें जमकर पलीता लगाया जा रहा है. जिस संताल को भेदने में भाजपा के रणनीतिकरों को पसीना छुट्ट रहा है. कोई भी तीर निशाने पर लगता नहीं दिख रहा, जिस बांग्लादेशी घुसपैठिया के आसरे वह इस किले को भेदना चाहती है, लोकसभा चुनाव में उसकी हवा निकल चुकी है. हेमंत सरकार का वादा खिलाफी ही एकमात्र सियासी तीर है. जिसको सामने रख कर वह कुछ हद तक हेमंत सरकार को घेर सकती है. लेकिन, इसमें भी पेच यह है कि जिस अंदाज में मंईयां योजना, किसानों की कर्ज माफी, अबुआ आवास योजना, बिजली बिल में माफी का तीर छोड़ा गया है, उसके आगे हेमंत सरकार की साख को कटघरे में खड़ा करने में कितनी कामयाबी हासिल होगी?

संताल में सिर फुटौवल,“बिहारी सांसद वापस जाओ” की नारेबाजी

सबसे बड़ी चुनौती संताल में सिर फुटौवल पर विराम लगाने की है. जिस संताल को भेदना है, उसी संताल में कभी निशिकांत दुबे के खिलाफ विधायकों की गोलबंदी सामने आती है, तो कभी सीता सोरेन के द्वारा अपनी हार का ठीकरा बाबूलाल मरांडी पर फोड़ने की खबर सुर्खियां बनती है. इस बात का दावा किया जाता है कि प्रदेश अध्यक्ष के रुप में बाबूलाल मरांडी पार्टी में भीतरघात पर लगाम लगाने में नाकामयाब रहें और इसके कारण हार का सामना करना पड़ा. खैर,  यह तो पुरानी बात है, अब तो चुनाव की रणभेरी बजने वाली है, किसी भी वक्त इसकी अधिसूचना जारी हो सकती है. भाजपा तिरंगा यात्रा के सहारे संताल में अपना किला मजबूत करने में जुटी है. लेकिन उसी तिरंगा यात्रा में निशिकांत के खिलाफ ‘गो बैक’ का नारा भी लगता है. दावा किया जा रहा है कि ‘निशिकांत गो बैक’ का नारा लगाने वाले सारठ विधायक रणधीर सिंह के समर्थक थें.  रणधीर सिंह के इन्ही समर्थकों ने निशिकांत को ‘बिहारी सांसद’ बताकर संताल से दूर रहने की मांग की है.

भाजपा के संताल फतह के सपने में ‘कांटा’ बने निशिकांत

विधान सभा चुनाव: संताल फतह के सपने में कांटा बने निशिकांत! कैसे पूरा होगा भाजपा का सपना!
निशिकांत दुबे (फाइल फोटो)

 

हालांकि यह कोई पहला वाकया नहीं है, जब निशिकांत के खिलाफ भाजपा के अंदर से विरोध की खबर सामने आयी हो. देवघर विधायक नारायण दास तो पहले से ही मोर्चा खोल कर बैठे हैं. नारायण दास का दावा है कि लोकसभा चुनाव की समीक्षा के दौरान निशिकांत समर्थकों ने जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया, कॉलर पकड़ा, अनसूचित जाति से आने के बावजूद अकड़ दिखाने से दूर रहने की चेतावनी दी गयी. ठीक यही दर्द गोड्डा विधायक अमित मंडल की भी है. दावा किया जाता है कि अमित शाह की रैली में जब अमित मंडल और नारायण दास ने मंच तक पहुंचने की कोशिश की तो निशिकांत दुबे की ओर से मंच से दूर रहने की नसीहत दी गयी. नारायण दास का दावा है कि यह दलित और पिछड़ी जाति से आने वाले विधायकों को सियासी औकात दिखलाने की कवायद थी.  कुछ यही हालत मधुपुर से पूर्व विधायक राजपालिवार का है. निशिकांत और राजपालिवार के बीच भी रिश्ते सामान्य नहीं है. दावा किया जाता है कि मधुपुर से राजपालिवार को बेटिकट करने में निशिकांत दुबे की भूमिका थी. निशिकांत के इशारे पर ही वर्ष 2021 के उपचुनाव में राजपालिवार के बजाय गंगा नारायण सिंह को भाजपा का टिकट दिया गया था और अब निशिकांत दुबे और सारठ विधायक रणधीर सिंह के बीच घमासान की तस्वीर सामने आ रही है.

सारठ विधायक रणधीर समर्थकों ने खोला मोर्चा

विधान सभा चुनाव: संताल फतह के सपने में कांटा बने निशिकांत! कैसे पूरा होगा भाजपा का सपना!
सारठ विधायक रणधीर सिंह (फाइल फोटो)

 

दावा किया जाता है कि जैसे ही तिरंगा यात्रा के साथ निशिकांत दुबे सारठ विधान सभा पहुंचे, रणधीर सिंह के समर्थकों ने “बिहारी सांसद वापस जाओ” की नारेबाजी शुरु कर दी. हालांकि रणधीर सिंह और निशिकांत के बीच भी यह कोई पहली तकरार नहीं है. इसके पहले भी रणधीर सिंह की ओर से सांसद निशिकांत दुबे को सारठ से दूर रहने की नसीहत दी जा चुकी है. अपने आप को गोड्डा तक ही सीमित रखने का पाठ पढ़ाया जा चुका है. रणधीर सिंह का मानना है कि सारठ और झारखंड की तमाम दूसरी विधान सभा की चुनौतियों को देखने-समझने और उसका मुकाबला करने के लिए प्रदेश नेतृत्व मौजूद है. निशिकांत दुबे के लिए बेहतर है कि दिल्ली की राजनीति ही करें और अब तिरंगा यात्रा से “बिहारी सांसद वापस जाओ” की नारेबाजी सामने आ रही है. इस हालत में संताल फतह का सपना कैसे पूरा होगा? यह एक बड़ा सवाल है. जिसका जबाव, बगैर देरी किए भाजपा के रणनीतिकारों को खोजना होगा, नहीं तो सीटों की संख्या बढ़ना तो दूर, मौजूदा चार सीट, जिस पर कमल का झंडा फहर रहा है, भी आफत में पड़ सकता है.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More