“असम में आदिवासी मानने से इंकार और झारखंड में कमल खिलाने का सपना” सुखदेव भगत के निशाने पर हिमंत बिस्वा सरमा

रांची: झारखंड में हर बितते दिन के साथ विधान सभा की सरगर्मी तेज होती दिख रही है, जैसे ही भाजपा आलाकमान ने विधान सभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान को चुनाव प्रभारी और असम के सीएम हिमंता विस्व सरमा को सह प्रभारी नियुक्त किये जाने की घोषणा की, विपक्ष की गतिविधियां तेज गई, शिवराज सिंह चौहान और हिमंत बिस्वा सरमा के पुराने इतिहास खंगाले जाने लगे. जहां शिवराज सिंह चौहान को मध्यप्रदेश पेशाब कांड के साथ घेरने की कोशिश की जा रही है, वहीं हिमंत बिस्वा सरमा को भी आदिवासी समाज का सबसे बड़ा दुश्मन बताया जा रहा है. अब इसी कड़ी में लोहरदगा सासंद सुखदेव भगत ने भी हिमंता विस्व सरमा पर निशाना साधा है.
आदिवासियों को आदिवासी का दर्जा दे असम सरकार
दरअसल सुखदेव भगत ने असम के चाय बगानों में झारखंड, ओडिशा और पश्छिम बंगाल से गये मुंडा, संताल और दूसरे आदिवासी समूहों को हिमंता सरकार के द्वारा आदिवासी दर्जा से इंकार करने को सियासी मुद्दा बनाने की कोशिश की है. सुखदेव भगत ने कहा कि जिस आदिवासी समाज को हिमंत विस्व सरमा ने अपने राज्य में आदिवासी का दर्जा नहीं दिया, उसे टी लेबर बताया, अब वही हिमंता झारखंड में आदिवासी के बीच घूम-घूम कर कमल खिलाने की गुहार लगायेगा, लेकिन सवाल यह है कि आदिवासी समाज हिमंता के साथ खड़ा क्यों होगा? हिमंत सरमा को झारखंड आने से पहले हमारे आदिवासी भाईयों को आदिवासी का दर्जा देना चाहिए, जिनकी कई पीढ़िया वह गुजर गयी, आज भी उस असम में आदिवासी सिर्फ टी लेबर है. यही उसकी पहचान है. आखिर आदिवासी समाज ऐसे भाजपा नेताओं पर विश्वास क्यों करेगा?
झारखंड से असम जाने की मजबूरी
आपको बता दें कि 1860 से 90 के बीच बंगाल, बिहार, ओडिशा और आन्ध्र प्रदेश से बड़ी संख्या में मुंडा, संताल और दूसरे आदिवासी जातियों को अंग्रेज सरकार के द्वारा गिरमिटिया मजदूर के रुप में असम के चाय बगानों में ले जाया गया था. ये अपनी मर्जी से नहीं गये थें, बल्कि जबरन ले जाया गया था, ताकि चाय बगानों के मालिकों को सस्ता मजदूर मिल सके. भीषण परिस्थितियों वहां रहने को मजबूर किया गया, जिसके कारण बड़ी संख्या में मौत भी हुई. यही आदिवासी समुदाय आज भी अपने आप को आदिवासी घोषित करने की लड़ाई लड़ रहा है, लेकिन हिमंता सरकार इन आदिवासियों को आदिवासी मानने से इंकार कर रही है. आदिवासी के बदले इन्हे टी-मजदूर बताया जा रहा है. जिसके कारण कई बार संघर्ष की स्थितियां भी बनती है. अब जैसे ही भाजपा ने हिमंत सरमा को झारखंड में सह चुनाव प्रभारी की जिम्मेवारी सौंपी, यह मुद्दा गरमाने लगा.
