चाईबासाः स्वीकृत योजनाओं के शीघ्र कार्यान्वयन के लिए विधायकों ने की निविदा आमंत्रण जारी करने की मांग

चाईबासा: डीएएमएफटी फंड के चालीस प्रतिशत राशि से ग्राम सभा के द्वारा चयनित किए गए, साशी परिषद और प्रबंधकीय समिति से पारित करोड़ों की योजनाएं उपायुक्त के द्वारा स्वीकृति दिए जाने के बाद कार्यकारी एजेंसी राष्ट्रीय ग्रामीण नियोजन कार्यक्रम, ग्रामीण विकास विशेष, लघु सिंचाई प्रमंडल को निविदा प्रक्रिया शुरू किए जाने का रास्ता साफ हो गया है. जिला के सभी विधायकों द्वारा आचार संहिता लागू होने से पहले निविदा प्रक्रिया को पुरा कराने का आदेश कार्यकारी एजेंसी को दिए जाने की सुचना है. नई स्वीकृत योजना का कार्य शीघ्र शुरू करने यानी आचार संहिता लागू होने से पहले शिलान्यास कार्यक्रम करने के लिए जिला प्रशासन और विधायक संवेदकों से भी बैठक बुला सकतें हैं.
सूत्रों के अनुसार स्थानीय संवेदकों को रोज़गार उपलब्ध कराने के लिए निविदा में भाग लेने के लिए विधायक ने अपने क्षेत्र के संवेदक को तैयारी करने को कहा है. सूत्रों की माने तो संवेदकों को कार्यकारी एजेंसी के द्वारा विधायक द्वारा संवेदकों को आपसी तालमेल से सभी को कार्य बंटवारा कर निविदा डालने के लिए कहा जा रहा है. साथ ही कार्य में गुणवत्ता को ध्यान में रखकर निविदा में निम्न दर पर कार्य नहीं लेने पर भी संवेदकों को कहा गया है. जैसा कि हाल के दिनों में कंपीटीशन कर दस प्रतिशत से अधिक पच्चीस प्रतिशत तक निम्न दर पर कार्य लिया गया है,जो अभी तक कार्य भी शुरू नहीं किए हैं, उनके कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़ा हो रहा है. जनता कार्य में अनियमितता बरतने की शिकायत भी कर रही है.
