अमर बाउरी-बाबूलाल आउट! हेमंत बनाम हिमंता का मास्टर प्लान तैयार!

रांची-मानसून सत्र में जब हेमंत सोरेन भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए दिशोम गुरु की याद दिला रहे थें. भ्रष्टाचार को जिस नैरेटिव पर भाजपा अब तक अपनी सियासी जमीन को तैयार करती रही है, हेमंत सोरेन ने यह दावा कर एक काउंटर नैरेटिव की शुरुआत कर दी कि राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में जो भाजपा कार्यालय का निर्माण हुआ है, उस में भाजपा की काली कमाई लगी हुई है. पार्टी कार्यालय खड़ा करने के लिए भाजपा ने आदिवासी-मूलवासियों की जमीन पर कब्जा किया, टाटा की जमीन को हड़पा और जमीन कब्जे की होड़ में मर्डर तक की नौबत आयी. लेकिन इतने बड़े आरोप के बावजूद सीएम हेमंत के निशाने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी का चेहरा नहीं रहा, निशाने पर असम सीएम हिमंता विस्व सरमा की सियासत रही. हिमंता को असम में चुनाव हारने की भविष्यवाणी करते हुए सीएम हेमंत ने कहा कि जब असम की जनता बाढ़ की त्रासदी झेल रही है, उनका जीवन संकट में है, घर उजड़ रहे हैं, पूरा असम त्राहिमाम है. झारखंड सरकार इस संकट की बेला में राहत कोष में दान देकर असम की जनता का दुख-दर्द को समेटने की कोशिश कर रही है. बाढ़ पीड़ित असम की जनता का दुख दर्द दूर करने के बजाय हिमंता हर दूसरे दिन झारखंड का सैर पर निकल पड़ते हैं. हिमंता चाहे जितनी कोशिश कर लें, लेकिन झारखंड में दाल नहीं गलने वाली है, यह नहीं भूलना चाहिए कि असम में भी झारखंडियों की भी एक बड़ी जमात है, और वह जमात इस बार हिमंता को सबक सीखाने का जा रही है, झारखंड से तो सफाया तो होगा ही, असम में भी भाजपा की हार निश्चित है. आश्चर्यजनक रुप से हेमंत सोरेन के निशाने पर बाबूलाल और अमर बाउरी नहीं रहे. बाबूलाल को लेकर तंज भरे अंदाज में इतना जरुर कहा कि नेता प्रतिपक्ष और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रुप में वह अपनी जिम्मेवारियों का निर्वहन में नाकामयाब रहें, कभी भी सदन में सवाल नहीं खड़ा किया, सदन से नदारद रहें. इन चंद अल्फाजों के बाद सीएम हेमंत पूरी तरह से हिमंता पर टूटते दिखें.
हिमंता को सेंट्रल फिगर बनाने की रणनीति
इस हालत में सवाल खड़ा होना लाजमी है कि आखिर हेमंत सोरेन नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बजाय हिमंता विस्व सरमा को सेंट्रल फिगर बनाना क्यों चाहते हैं? चुनाव प्रभारी बनाये गये शिवराज सिंह के जिक्र से बचते दिख रहे हैं, क्या सब कुछ अनजाने में हो रहा है या इसके पीछे कोई विशेष रणनीति है? क्या जानबूझ कर इस लड़ाई को हिमंता बनाम हेमंत का सियासी वार बनाना चाहता है झामुमो. क्या जिस हिमंता को भाजपा झारखंड में अपना तुरुप का पत्ता मान रही थी, झामुमो और महागठबंधन के सहयोगियों को उस हिमंता में आसान सियासी चारा दिखलायी देने लगा? और वह जानबूझ कर विधान सभा चुनाव को हिमंता का सामने रख कर लड़ना चाहता है और यदि झामुमो की रणनीतिकार वाकई इसी दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं तो उसकी वजह क्या है?
हेमंत की मन की बात करते हिमंता विश्व सरमा
दरअसल हिमंता को जब से झारखंड में चुनाव उप प्रभारी की जिम्मेवारी सौंपी गयी है, वह बांग्लादेशी घुसपैठ से आगे कोई भी दांव खेल नहीं पा रहे हैं. हिमंता की पूरी रणनीति विधान चुनाव में आदिवासी बनाम मुसलमान करने की है. ताकि आदिवासी समाज का एक तबका टूट कर भाजपा के साथ आ खड़ा हो, लेकिन यही भाजपा की कमजोरी भी है, लोकसभा चुनाव में भी बांग्लादेशी घुसपैठिया की हवा बनाने की पूरी कोशिश की गयी थी, लेकिन आखिरकार परिणाम क्या आया? आदिवासी बहुल सारी सीटों से भजापा का सफाया हो गया, अब उसी पीटे मुद्दे को हिमंता एक नया धार देने की कवायद करते दिख रहे हैं. हिमंता के इस गुरु मंत्र को धारण करने में अमर बाउरी और बाबूलाल के बीच एक अनकही प्रतियोगिता भी चल रही है, दोनों एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में हर दिन बांग्लादेशी घुसपैठियां का नया राग अलाप रहे हैं. और यही झामुमो चाहती है, वह पूरी लड़ाई को बांग्लादेशी घुसपैठिया के इर्द गिर्द ख़ड़ा करना चाहती है, ताकि पांच वर्षों की उसकी नाकामियों पर पर्दा पड़ जाय.
शिल्पी नेहा तिर्की का काउंटर नैरेटिव

दूसरी ओर शिल्पी नेहा तिर्की को आगे कर जिस अंदाज में रांची, जमशेदपुर और दूसरे शहरों में बाहरी आबादी की भीड़ का हवाला देकर डेमोग्राफी बदलाव का नारा उछाला जा रहा है, उसका असर सिर्फ शहरी मतदाताओं के बीच ही नहीं हो रहा है, शिल्पी नेहा तिर्की का यह संदेश पूरे आदिवासी-मूलवासी समुदाय के बीच भी जा रहा है. शिल्पी नेहा तिर्की के सहारे महागठबंधन अपने मतदाताओं को यह आश्वस्त करने में सफल हो रहा है कि रांची, जमशेदपुर, बोकारो में जो बाहरी आबादी की बाढ़ आयी है. भाजपा का हाथ उस बाहरी आबादी के साथ है. जिन लोगों ने आपकी जमीन पर कब्जा किया,पूजा स्थलों पर दावेदारी पेश की, आज भाजपा उसके साथ खड़ी है, यानि जो आदिवासी-मूलवासी समाज विधान सभा चुनाव में उसके साथ मजबूती के साथ खड़ा था, शिल्पी नेहा तिर्की का यह तेवर उसे और भी सीमेंटेड कर रहा है.
अल्पसंख्यक वोटों को एकजूट करते हिमंता विश्व सरमा
लेकिन इसके साथ ही हिमंता के इस तेवर से झामुमो को दूसरा लाभ यह हुआ कि विधान सभा चुनाव में अल्पसंख्यक समाज को जो थोड़ा सा हिस्सा जयराम के साथ जाता दिखा था. अब उसके सिर पर भी हिमंता का यह प्रकोप मंडराने लगा है. झामुमो के रणनीतिकारों को लगता है कि जैसे-जैसे हिमंता खेल शुरु होगा. अल्पसंख्यक समाज का वह हिस्सा भी एक बार फिर से झामुमो और महागठबंधन के साथ वापस आने में अपनी भलाई समझेगा, यानि कुल मिलाकर हिमंता का यह आक्रमक अंदाज झामुमो और महागठबंधन के सियासी हित में है और यही कारण है कि झामुमो और महागठबंधन के रणनीतिकार विधान चुनाव के पूरे सियासी संघर्ष को हिमंता बनाम हेमंत बनाने में विश्वास करता है. एक तरफ सीएम हेमंत का चेहरा होगा और दूसरी तरफ एक गैर झारखंडी हिमंता. आदिवासी-मूलवासी समाज को इन दो चेहरों में किसी एक को चुनने का विकल्प होगा. इस लड़ाई में दूर-दूर तक बाबूलाल और अमर बाउरी का वजूद नहीं होगा.
पीएम मोदी की एंट्री के बाद का सियासी गणित

यदि इस बीच पीएम मोदी की एंट्री भी होती है, तो यह भी झामुमो के चुनावी विसात के अनुकूल होगा, लोकसभा चुनाव में भी पीएम मोदी ने पूरा जोर लगाया था, लेकिन वह उस खूंटी को भी नहीं बचा सकें, जहां से जनजातीय मामलों का मंत्री अर्जुन मुंडा ताल ठोक रहे थें, बिरसा की जन्मभूमि उलिहातू जाकर योजनाओं का पिटारा खोलना भी काम नहीं आया था, यानि झामुमो और महागठबंधन के रणनीतिकारों की रणनीति इस लड़ाई को मोदी बनाम हेमंत या फिर हिमंता बनाम हेमंत बनाने की हैं. वह किसी भी सूरत में बाबूलाल या अमर बाउरी को सेंट्रल स्टेज पर आने देना नहीं चाहते. रणनीति साफ है, यदि पीएम मोदी हेमंत सोरेन के पांच वर्षों का हिसाब-किताब पर सवाल खड़ा करें तो पीएम मोदी के 10 वर्षों की उपलब्धियों पर भी चर्चा की शुरुआत होगी,जिस अंदाज में ईडी और सीबीआई का उपयोग-दुरुपयोग हुआ, उस पर भी बहस की शुरुआत होगी. खास कर हेमंत सोरेन को जमानत देते वक्त कोर्ट की जो टिप्पणी आयी है, वह भी झामुमो के रणनीतिकारों के हाथ में एक बड़ा हथियार है, मानसून सत्र में अपने संबोधन के दौरान हेमंत सोरेन ने इसका संकेत भी दे दिया है कि जैसे ही हमने केन्द्र से झारखंड का बकाया पैसा मांगा, जेल भेज दिया गया, निश्चित रुप से जब पीएम मोदी अपनी रैलियों में हेमंत सोरेन पर सवाल खड़ा करेंगे यह सवाल एक बार फिर से सामने आयेगा.
बाबूलाल और अमर बाउरी के चेहरे के गहरायेगा झामुमो का संकट

लेकिन यदि बाबूलाल और अमर बाउरी का चेहरा सामने रहा, तब उस हालत में झामुमो के सामने संकट खड़ा हो सकता है. आदिवासी-मूलवासी मतदाताओं के सामने हेमंत सोरेन के साथ ही बाबूलाल और अमर बाउरी का विकल्प भी होगा. इसी रणनीति के तहत सीएम हेमंत सदन के अंदर इस सवाल को उठा रहे हैं कि विपक्ष का चेहरा कौन होगा? इस एक वार से कई शिकार हो रहा है. सीएम हेमंत की रणनीति भाजपा के अंदर सीएम चेहरे को लेकर जो भ्रम की स्थिति है, उस भ्रम को और भी विस्तार देने की है.भाजपा के अंदर कुर्सी का जंग तेज करने की है और इसके साथ ही अपने आदिवासी-मूलवासी मतदाताओं को यह संदेश देने की है कि यदि भाजपा सत्ता में आयी तो एक और रघुवर राज देखने को मिल सकता है. और इसी रणनीति के तहत पूरी लड़ाई को सेन्ट्रल फिगर हिमंता विस्व सरमा को बनाने की है, ताकि आदिवासी मूलवासी मतदाताओं के बीच चेहरे को लेकर कोई भ्रम की स्थिति नहीं रहें
