चंपाई सोरेन के बाद अब लोबिन हेंब्रम भी हुए भाजपाई, कहा – गुरुजी ने हमेशा गलत का विरोध करना सिखाया 

रांची: भाजपा में लगातार शामिल होने का तांता लगा हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के कल भाजपा में शामिल होने के बाद आज झामुमो के कद्दावर नेता 5 बार से विधायक रहे लोबीन हेंब्रम ने भी आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी,असम सरकार के मुख्यमंत्री एवम झारखंड विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी श्री हिमंत विश्व शरमा ,नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने उन्हें विधिवत भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन,मधु कोड़ा,सीता सोरेन भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने किया।

झामुमो में दलाल व बिचौलिए हो रहे मालामाल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड की फिजा बदल रही है। परिवर्तन की बयार बह रही है। आज अलग राज्य केलिए खून पसीना बहाकर आंदोलन को सींचने वाले अपमानित हो रहे और दलाल व बिचौलिए सत्ता का सुख भोगते हुए मालामाल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन्हें झारखंड का दर्द है,जिन्हे मिट्टी से प्यार है,संस्कृति को बचाना चाहते हैं वे झामुमो छोड़कर भाजपा में आ रहे। उन्होंने कहा कि चंपाई सोरेन,लॉबीन हेंब्रम,जैसे लोगों में यही भरोसा और विश्वास बढ़ा ।

WhatsApp Image 2024-08-31 at 13.42.10_7465d24c (1)
मिलन समारोह में बाबूलाल, चंपाई, हिमंत बिस्वा व अन्य

उन्होंने कहा कि भाजपा का इरादा मजबूत है।पार्टी जो कहती है वही करती है।इस बात को लोविन हेंब्रम ने भी पहचाना। उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासी समाज के विकास केलिए संकल्पित है,समर्पित है। अटल जी ने केंद्र में अलग जनजाति मंत्रालय का गठन किया। संथाली भाषा को संविधान की 8 वीं अनुसूची में शामिल कराया। आज नरेंद्र मोदी जी की सरकार में सर्वाधिक जनजाति समाज के मंत्री हैं। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर न सिर्फ राज्य का गठन हुआ बल्कि मोदी सरकार ने बिरसा जयंती को जनजाति गौरव दिवस भी घोषित किया। आज देश की प्रथम नागरिक महामहिम राष्ट्रपति संथाल आदिवासी समाज की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी हैं। उन्होंने कहा कि जनजाति समाज में भाजपा के प्रति विश्वास रोज बढ़ रहा है।

झामुमो छोड़ने आंदोलनकारी हो रहे मजबूर

सदस्यता ग्रहण के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोबिन हेंब्रम ने कहा कि झामुमो छोड़ने के लिए आज आंदोलनकारियों को मजबूर होना पड़ रहा है। अब झामुमो गुरुजी का झामुमो नही रहा।अब तीर धनुष में वो दम नही रहा।अब झामुमो दलाल बिचौलियों का झामुमो हो गया। उन्होंने कहा कि बचपन से 2024 तक ईमानदारी से पार्टी की सेवा की।

WhatsApp Image 2024-08-31 at 13.41.32_fabca70e (1)
लोबिन हेंब्रम को सदस्यता पर्ची सौंपते बाबूलाल मरांडी

उन्होंने कहा कि हम सब श्रद्धेय गुरूजी शिबू सोरेन के अनुयायी रहे। उन्होंने हमेशा कार्यकर्ताओं को गलत कार्यों का विरोध करना सिखाया।आज हम सब उनके बताए रास्ते पर चलकर जब सदन से सड़क तक झारखंड के विरोध में होने वाले निर्णयों का विरोध कर रहे तो कोई सुनने वाला नहीं। उल्टा हमलोग अपमानित होने को मजबूर हुए। ऐसे में उस दल में रहने का कोई औचित्य नहीं। कहा कि भाजपा में आकर मैं खुशी का अनुभव कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि राज्य में जल, जंगल, जमीन की लूट हो रही है। आदिवासी मूलवासी की भावनाओं के खिलाफ निर्णय हो रहे। गुरुजी ने शराब का विरोध किया और हेमंत सरकार शराब बेच रही।

उन्होंने कहा कि आज झारखंड की अस्मिता पहचान खतरे में है।बांग्लादेशी घुसपैठियों से राज्य की डेमोग्राफी बदल गई है। घुसपैठिए आदिवासी  बेटियों से शादी कर जमीन हथिया रहे।मारपीट कर गांव छोड़ने को मजबूर कर रहे।आज गाय बथान में क्या हो रहा,गोपीनाथ पुर में क्या हो रहा?लेकिन   झामुमो  को तुष्टिकरण,वोट बैंक की चिंता है। उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड बचाने की लड़ाई लड़ रही है।भाजपा ने अलग राज्य दिया।बनाया है तो बचाएगी भी और विकास भी करेगी।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More