वन्य प्राणियों की हत्या व तस्करी के मामले में 6 गिरफ्तार

बोकारो: वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित वन्य प्राणियों की हत्या और तस्करी के मामले में 6 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. उनके पास से भारी मात्रा में हाथ जोड़ी, कस्तूरी तथा अलग-अलग जीवों के चमड़े, हाथी दांत, वन जीवों की हड्डियां जैसे कई नकली चीजें बरामद की गई हैं. जिले के अलग-अलग स्थान में की गई छापेमारी में इन तस्करों को पकड़ा गया. वन्य जीवों से जुड़े असली और नकली सामानों को जप्त किया गया. वन विभाग की एक विशेष टीम ने वन्य जीवों की हत्या और उससे अंगों की तस्करी की शिकायत पर यह कार्रवाई की और बड़े पैमाने पर वन्य जीवों की हत्या और तस्करी के मामले को उजागर किया.
वन्य जीवों के तस्कर फ्लिपकार्ट और अन्य ऑनलाइन बिजनेस प्लेटफार्म का इस्तेमाल कर वन्य जीवों के महत्वपूर्ण सामानों का दावा करते हुए अपना नेटवर्क चला रहे थे. फिलहाल, वन विभाग इस मामले की जांच कर रहा है. मामले की शिकायत दर्ज कर दी गई है और अब यह पता करने की कोशिश की जा रही है कि इन तस्करों का संबंध किस गिरोह से है और इनका नेटवर्क कहां-कहां फैला हुआ है. वन्यजीवों की हत्या वन संरक्षण अधिनियम और वन प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कानून जुर्म है. इसके बावजूद वन्य जीवों की हत्या और तस्करी के मामले में कई लोग लगे हुए हैं. लगातार वनों में मिलने वाले वन्य प्राणियों की हत्या की जा रही है. उनकी चमड़ी व उनके महत्वपूर्ण अंगों की तस्करी की जा रही है.
अभी जो मामला पकड़ में आया है, उसमें 120 जोड़ी हाथ जोड़ी, 51 पीस से ज्यादा कस्तूरी बरामद किए गए हैं. जिस कस्तूरी के बरामदगी की बात कही जा रही है या जिसे हाथी दांत बताया गया है, वे नकली पाएं गये हैं. कई अन्य बरामद सामानों को अन्य महत्वपूर्ण जीव जंतु की हड्डी का बताया गया है. वह फिलहाल नकली पाया गया है. आमलोगों को ठगने के लिए यह तस्कर ऑनलाइन बिजनेस प्लेटफार्म के साइट पर सक्रिय थे. वे इन सामानों का उपयोग अंधविश्वास में पड़े लोगों को ठगने में किया करते थे.
