गर्मी का 40 साल का रिकॉर्ड टूटा; 20 जिलों में लू का रेड अलर्ट; कब होगी बारिश?

रांची: झारखंड में गर्मी का 40 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। लोगों का गर्मी से हालत खराब हो गया है। लोग गर्मी से बचने के उपाय ढूंढ़ते दिख रहे हैं , लेकिन कोई राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग ने मानसून को लेकर नई जानकारी दी है। रांची समेत पूरे राज्य में हीटवेव का कहर लगातार जारी है। आलम यह है कि चार जिले गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज को छोड़ बाकी जिलों में हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।
हालांकि, रांची में ऐसी गर्मी का असर वर्ष 1984 में देखने को मिला था लेकिन एकाध दिनों के लिए ही। अबकी बार तो राजधानीमें गर्मी सितम ढ़ा रही है। इन दिनों बाजार में लस्सी, छाछ, बेल के शर्बत, गन्ने का जूस, आग पर पकाए गए आम का जूस और सत्तू का डिमांड भी बढ़ गया है। लोग गर्मी के प्रकोप से बचने के लिए इन पेय पदार्था को अपनी दिनचर्या में शामिल कर चुके हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान को देखने के बाद पता चलता है कि अबकी बार भी कम संभावना है कि 15 जून तक मानसून दस्तक दे क्योंकि पूर्वानुमान में बताया जा रहा है कि 17 जून तक हीटवेव का असर कायम रहेगा। इसे लेकर आरेंज अलर्ट तक जारी किया गया है। राजधानी रांची में 14 से 19 जून तक आंशिक बादल छाए रहने और मेघगर्जन के साथ वर्षा होने की भी संभावना जताई जा रही है।
