टीएसपीसी कमांडर के 3 सदस्य गिरफ्तार, रांची पुलिस ने किया अरेस्ट
रांची: रांची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. खबर है कि रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टीएसपीसी कमांडर दिवाकर गंझू उर्फ प्रताप जी के दस्ते के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार उग्रवादी बड़कागांव, केरेडारी और बुढ़मू थाना क्षेत्रों में सक्रिय थे और दामोदर नदी के किनारे स्थित छापर बालू घाट पर रंगदारी के लिए हुए विवाद में शामिल थे. एसएसपी रांची चंदन कुमार सिन्हा को सूचना मिली थी कि टीएसपीसी कमांडर दिवाकर गंझू के दस्ता के 3-4 सक्रिय सदस्य जो दामोदर नदी के किनारे बड़कागांव, केरेडारी और बुढ़मू थाना की सीमा पर स्थित छापर बालू घाट पर रंगदारी के लिए दो पक्षों के बीच हुए विवाद की घटना में शामिल थे, छापर गांव में पहुंच कर किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं.
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रांची के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल ने 10 अगस्त (शनिवार) को छापर गांव में छापेमारी कर अजीत सोरेन, आकाश लोहरा और सुमित लहरी को गिरफ्तार किया. इनके पास से लेवी वसूली में इस्तेमाल होने वाले कई मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार उग्रवादियों ने पुलिस को बताया कि मार्च 2024 में उन्होंने दिवाकर गंझू के साथ मिलकर बड़कागांव थाना क्षेत्र के कायलांग पतरा बालू यार्ड में फायरिंग की थी और लेवी वसूलने के लिए काम बंद कराया था. इस दौरान पुलिस पर फायरिंग भी की गई थी और कुछ हथियार छोड़कर भागने में सफल रहे थे. इसके अलावा जुलाई 2024 में बड़कागांव थाना क्षेत्र के उरीमारी और तारासवार के बीच सड़क निर्माण कार्य कर रही कंपनी से लेवी वसूलने के लिए भी फायरिंग की गई थी.
