कैमरून में फंसे 27 प्रवासी मजदूरों की हुई वतन वापसी

रांची : अफ्रीका के कैमरुन में फंसे सभी 27 प्रवासी मजदूर अपने वतन भारत सकुशल वापस आ गये हैं. श्रम सचिव मुकेश कुमार, डीसी समेत अन्य ने गिरिडीह के पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर सभी का भव्य स्वागत किया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निदेश पर श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग झारखंड सरकार के त्वरित कार्रवाई एवं सतत प्रयास से दक्षिण अफ्रीका के कैमरून में फंसे झारखंड के सभी 27 प्रवासी श्रमिकों की सकुशल घर वापसी हो गई. लौटने वालों श्रमिकों में 18 बोकारो,4 गिरिडीह तथा 5 हजारीबाग जिले के श्रमिक शामिल हैं.

सभी प्रवासी मजदूर मुंबई मेल ट्रेन संख्या 12322 से सुबह चार बजकर 19 मिनट पर पारसनाथ स्टेशन पहुंचे. राज्य सरकार व जिला प्रशासन ने सभी को माला पहनाकर स्वागत किया. इस दोरान गिरिडीह डीसी नमन प्रियेश लकड़ा, मंत्री बेबी देवी, पुत्र राजू महतो, स्टेशन मास्टर अविनाश कुमार सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे. सकुशल लौटे सभी श्रमिकों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का आभार व्यक्त किया है. सभी श्रमिकों ने कहा कि मुख्यमंत्री महोदय के त्वरित कार्रवाई एवं सतत प्रयास से हमलोग आज अपने घर सकुशल लौटे हैं.

आप सभी खुशहाल रहें, यही कामना करता हूँ : सीएम हेमन्त सोरेन 

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने एक्स अकाउंट पर इसकी जानकारी देते हुए वापस लौटे सभी श्रमिकों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं. उन्होंने एक्स पर लिखा है कि अफ्रीका के कैमरून में फंसे झारखण्ड के अपने 27 लोगों की परेशानियों के बारे में जानकारी मिली थी, जिसके पश्चात झारखण्ड सरकार द्वारा पहल कर उन्हें लगभग कुल 30 लाख की बकाया राशि का भुगतान कराया गया और राज्य वापस लाया गया।

गिरिडीह लौटने पर राज्य सरकार की ओर से मौके पर मौजूद मंत्री बेबी देवी, गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू तथा गांडेय विधायक कल्पना सोरेन एवं अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में प्रत्येक श्रमिकों को 25-25 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की गयी। साथ ही सभी श्रमिक भाइयों से राज्य सरकार के संपर्क में सदैव रहने हेतु भी अपनी बात रखी। आपकी यह झारखण्ड सरकार, आपका यह भाई और बेटा सभी वर्गों की सहायता के लिए हमेशा संवेदनशीलता के साथ खड़ा है। आप सभी खुशहाल रहें, यही कामना करता हूँ।  

लेखक के बारे में

By Subodh Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More