चाईबासा: 26 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना का रसोईया संघ का ऐलान
चाईबासा: झारखण्ड राज्य विद्यालय रसोईया संघ की झारखंड केन्द्रीय समिति की बैठक महेंद्र सिंह भवन, रांची में राज्य अध्यक्ष की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में राज्य के विद्यालयों में कार्यरत रसोईया की गंभीर हालत पर संघ ने चिंता व्यक्त की. साथ ही प्रदेश महासचिव कॉमरेड गीता मंडल ने कहा कि अपनी ही सरकार में हमलोगों को भीख मांगना पड़े यह बहुत ही चिंताजनक बात है.
आज बैठक के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री से आग्रह करती हूं कि इस मामले में अविलंब रसोईया संघ से वार्ता कर सकारात्मक कदम लिया जाय, नहीं तो फिर अपनी ही सरकार के विरुद्ध लड़ाई तेज करना पड़ेगा. उन्होंने बताया, 11 अगस्त को बैठक कर प्रेसवार्ता एवं स्थानीय विधायक/मंत्री को मांग पत्र सौंपा जाएगा. 16 अगस्त से राज्य स्तर पर काला बिल्ला लगा कर विरोध जताया जायेगा. उसके बाद भी सरकार मांगों पर विचार नहीं करती हैं तो 26 अगस्त से राजभवन के समक्ष अनिश्चितकालीन महाधरना शुरू किया जायेगा.
प्रदेश अध्यक्ष अनिता देवी ने एक स्वर में कहा, सरकार का वादा देखते अब पांच साल बीत चुके हैं परन्तु हम रसोईया के सवालों पर सरकार चुप्पी साधे हुए हैं. आज संघ के माध्यम से चेतावनी देती हुं कि अविलंब सरकार एवं रसोईया के साथ हुए समझौते को लागू किया जाय. अन्यथा रसोईया संघ आन्दोलन यथावत चलता रहेगा.
बैठक में रविन्द्र भूइयां पलामू, मनोज कुमार कुशवाहा, गोड्डा, भुण्डा बास्की, दुमका,कशमीना खातुन,दिला देवी,गढ़वा, वृन्दा देवी, सुन्दरी देवी, गिरीडीह, सरिता देवी, लालमुनि देवी, रेखा देवी, ललिता देवी, मुन्नी देवी,नुरैशा खातुन,कौशल्या देवी, बैजन्ती देवी,बिजय गिरी, सरिता देवी खातुन चिन्ता देवी,देवधर, आदि जिला प्रतिनिधियों ने भाग लिया.
