चाईबासा: 23 अगस्त को राज्य सरकार के खिलाफ मोराबादी में युवा आक्रोश रैली

चाईबासा: 23 अगस्त को युवा आक्रोश रैली रांची में कार्यक्रम तय है, जिसमें पूरे राज्य भर से लाखों की संख्या में बेरोजगार युवा हेमंत सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करने मुख्यमंत्री आवास का घेराव एवं मोराबादी मैदान में धरना प्रदर्शन करेंगे. इस संबंध में आज मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कार्यक्रम आयोजित की गई. प्रेस वार्त्ता में पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने संबोधित करते हुए पत्रकारों से कहा कि राज्य भर में शिक्षित युवा अपने आप को हेमंत सरकार के द्वारा ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं, जिस कारण युवाओं में हेमंत सरकार के प्रति काफी आक्रोश है. हेमंत सरकार ने 5 लाख नौकरी देने का वादा किया था, नहीं तो 5-7 हजार भत्ता, परंतु कोई भी वादा पूरा नहीं किया.
उन्होंने अपने ही किए वादे से पलटते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी ने 15 अगस्त को 35 हजार मात्र नौकरी देने की बात की. युवाओं से इतना बड़ा छल करने वाली सरकार को सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है. राज्य भर में लाखों शिक्षित युवा एंप्लॉयमेंट एक्सचेंज में नाम दर्ज किए हैं. पश्चिमी सिंहभूम जिले में भी तीनों जगह मिल करके 20 हजार ऊपर युवा शिक्षित एक्सचेंज ऑफिस में नाम दर्ज करके रखे हैं कि उन्हें कोई रोजगार उपलब्ध हो, पर युवा निराश हैं. सरकार का ध्यान युवाओं के शिक्षा के प्रति भी नहीं है और ना ही रोजगार के प्रति. जेपीएससी,जेएसी के एग्जाम किसी न किसी कारण से युवाओं को रोजगार नहीं दे पाए. आखिर में युवाओं ने तय किया है हेमंत सरकार के खिलाफ प्रत्येक विधानसभा से हजारों की संख्या में 23 तारीख को मोराबादी मैदान में हुंकार भरेंगे.
