लातेहार: 15 लाख के ईनामी नक्सली छोटु खेरवार के घर कोर्ट का इश्तेहार चस्पा
लातेहार: प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के रिजनल कमिटी के सदस्य छोटु खेरवार उर्फ छोटु जी उर्फ सुजित जी, (पिता- नरेश सिंह उर्फ ननका पाहन), ग्राम- सिकीद, थाना- हेरहंज, जिला- लातेहार के विरुद्ध न्यायालय से निर्गत इश्तेहार को लातेहार पुलिस के द्वारा आज रविवार को माओवादी छोटु खेरवार के घर चस्पा किया गया. साथ ही, 30 दिनों के भीतर उक्त अभियुक्त के न्यायालय में नहीं प्रस्तुत होने की स्थिति में न्यायालय से कुर्की अधिपत्र जारी कराते हुए अभियुक्त के चल सम्पत्तियों को कुर्क कर लिए जाने की चेतावनी दी गई.
बता दें कि छोटु खेरवार के विरुद्ध लातेहार, पलामू, गढ़वा, लोहरदगा, गुमला एवं अन्य कई जिलों में नक्सली संगठन के द्वारा अंजाम दिये गये आगजनी, हत्या, गोलीबारी, विस्फोट इत्यादि के करीब 100 से अधिक मामले दर्ज हैं. झारखण्ड सरकार के द्वारा छोटु खेरवार के विरुद्ध 15 लाख रुपये इनाम राशि की घोषणा की गई है.
