130 करोड़ के दवा घोटाले के आरोपी भानु प्रताप शाही भाजपा का नया सिर दर्द!

रांची: स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए 130 करोड़ रुपये के दवा घोटाले के आरोपी भवनाथपुर विधायक भानुप्रताप शाही भाजपा के लिए गले की हड्डी बनते दिख रहे हैं. केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सामने अपने चिर-परिचित अंदाज में सीएम हेमंत को गट्टा पकड़ कर उतारने की धमकी देकर भानु प्रताप शाही ने सुर्खियां तो खूब बटोरी, लेकिन अब वही सुर्खियां भाजपा के चुनावी रणनीतिकारों के लिए मुसीबत खड़ी करती दिख रही है. जिस अंदाज में झामुमो की ओर से इस बयान को लेकर मोर्चेबंदी तैयार की जा रही है, उसका संकेत साफ है कि विधान सभा चुनाव में झामुमो की रणनीति भानु प्रतार शाही के इस बयान को आदिवासी-मूलवासी अस्मिता पर हमले के रुप में परोसने की है.
पत्रकार सुधीर चौधऱी को मांगनी पड़ी थी माफी
आपको याद दिला दें कि हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद कुछ इसी अंदाज में पत्रकार सुधीर चौधरी ने भी हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा था कि आदिवासी जंगल-पहाड़ों में रहता है, उसके पास ढंग का खाना और पहनने का कपड़ा नहीं होता, लेकिन हेमंत सोरेन चार्टेड प्लेन से उड़ रहा है. बड़े-बड़े होटलों में ठहर रहा है, महंगे कपड़े और आलिशान गाड़ियों से सफर कर रहा है. तब भी सुधीर चौधरी के इस बयान पर हंगामा बरपा था और बाद में सुधीर चौधरी को इस पर अपनी सफाई देनी पड़ी थी. सुधीर चौधरी के बयान को आदिवासी समाज के विरुद्ध नस्लीय टिप्पणी के रुप में प्रस्तूत किया गया था, हालांकि उस वक्त सुधीर चौधरी जिस भ्रष्टाचार के आरोप को पुख्ता सबूत मान कर यह टिप्पणी कर रहे थें, उस आरोप की कोर्ट में हवा निकल गयी, कोर्ट ने ईडी के सारे आरोपों को पहली नजर में खारिज कर दिया. वैसे मामला अभी भी कोर्ट के सामने है, और उस मामले में अंतिम फैसला आना बाकी है.
गढ़वा थाने में एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
अब भानुप्रताप शाही के बयान को भी उसी रुप में परोसने की कोशिश की जा रही है. झामुमो कार्यकर्ता राजेन्द्र उरांव ने गढ़वा के रमना थाने में भानु प्रताप शाही के खिलाफ एससी एसटी एक्ट के तहत एक मामला दर्ज करवाया है. साफ है कि अब झामुमो की रणनीति इस बयान के सहारे एक बार फिर से आदिवासी-मूलवासी मतदाताओं को यह बताने की है कि एक आदिवासी का सीएम की कुर्सी पर होना भाजपा को हजम नहीं हो रहा, आदिवासी सीएम को देखकर उसके अंदर इतनी बेचैनी है कि अब गट्टा पकड़ कर उतारने की भाषा का इस्तेमाल कर रही है. आपको याद दिला दें कि हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी आदिवासी समाज के बीच एक बड़ा सियासी मुद्दा बन गया था, जिसकी आग में भाजपा को आदिवासी बहुल सभी सीटों से हार का सामना करना पड़ा, और विधान सभा चुनाव के ठीक पहले भानु प्रताप शाही ने जाने अनजाने झामुमो के हाथ में एक बड़ा सियासी तीर थमा दिया है. उससे भी बड़ी मुसीबत यह है कि भानु प्रताप शाही ने यह बयान केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में दिया है, निश्चित रुप से झामुमो अब इस मामले में अमित शाह को लपेटने की कोशिश करेगी, इस बात का दावा ठोकेगी कि इस तरह के अमर्यादित बयान के बावजूद अमित शाह के द्वारा भानु प्रताप शाही को रोकने की कोशिश नहीं किया जाना, इस बात का प्रमाण है कि यह सिर्फ भानु प्रताप शाही का बयान नहीं है, बल्कि इसके पीछे पूरी भाजपा खड़ी है. और यदि यह कार्ड चल गया तो संताल से लेकर कोल्हान तक भाजपा के सामने संकट और भी गहरा सकता है.
भानु प्रताप शाही को सीएम हेमंत पर आता है तरस
इस बीच भानुप्रताप शाही ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि “हेमंत सोरेन जी मुझे तो आप पर कभी कभी तरस आता है कि आप प्रदेश के मुख्यमंत्री (Chief Minister) हैं।प्रदेश का जो मुख्यमंत्री होता है वह किसी जाति, महजब, संप्रदाय का नहीं होता है, लेकिन आप लगातार जब भी जरूरत पड़ता है जाति आधारित, धर्म आधारित और संप्रदाय आधारित मुख्यमंत्री बन जाते हैं। ED के द्वारा आपकी गिरफ्तारी की बात चल रही थी तो आपने गोंडा थाने में SC/ST के तहत ED के अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कराई और उस समय आप आदिवासी बन गए। जब मैंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार को गट्टा पकड़ कर उतार दिया जाएगा तो आपको आदिवासी स्मिता जाग गई।
क्या है 130 करोड़ के दवा घोटाले का मामला
क्या है 130 करोड़ के दवा घोटाले का आरोप
आपको याद दिला दें कि भानुप्रताप शाही 130 करोड़ के दवा घोटाले के आरोपी हैं. सीबीआई ने भी इस मामले में आरोप भी तय किया था. बताया जाता है कि वर्ष 2008 – 2009 में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन अस्पतालों के लिए मेडिकल उपकरण और दवाओं की खरीद हुई थी. उस वक्त भानु प्रताप शाही झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री थें. दावा किया जाता है कि इतनी अधिक मात्रा में दवा की खरीद के पहले विभिन्न जिलों से दवाईयों और उपकरणों की जरुरुतों का आकलन नहीं किया गया. जिसके कारण बगैर जरुरत दवाओं की आपूर्ति की गयी. इसके कारण लाखों की दवाईयां और उपकरण आरएमसीएच के सेंट्रल वेयर हाउस में सड़ गए. जिनकी कीमत 13.50 लाख रुपए आंकी गई. आठ लाख रुपए के कुछ आइटम रजिस्टर के मुकाबले कम थे. आरोप है कि तत्कालीन स्वास्थ्य सचिव डॉ. प्रदीप कुमार ने दवाब में आकर नियमों को दरकिनार कर चहेतों को सप्लाई का ऑर्डर दिया था.साफ है कि भानुप्रताप शाही की गर्दन पहले से ही फंसी हुई है, इस हालत में सीएम हेमंत के विरुद्ध मोर्चा खोलना भारी पड़ सकता है और भाजपा को भी दवा घोटाले में अपनी सफाई देनी पड़ सकती है.
