चाईबासा: 12 अगस्त को वेतनमान पर बात नहीं बनी तो पारा शिक्षक करेंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल

चाईबासा: अपने चुनावी घोषणा पत्र को सरकार भूल गई है. हर चुनावी सभा में सत्ता में आते ही तीन महीने के अंदर पारा शिक्षकों को स्थायी करने की घोषणा के साथ ये सरकार सत्ता सीन हुई है तो अब वेतनमान देने में सरकार के पसीने क्यों छूट रहे है. क्या ये चुनावी जुमला मात्र था? अगर ऐसा है तो इस जुमलेबाज सरकार को सत्ता मे बने रहना का कोई नैतिक अधिकार नही है. उक्त बातें पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय सदस्य सह पूर्व जिला अध्यक्ष दीपक कुमार बेहरा ने कही. दीपक बेहरा ने कहा, 5 अगस्त की वार्ता में सरकार ने वेतनमान देने के नाम पर न्यायालय का फैसला और आरक्षण रोस्टर का बहाना बनाया है. अब मानदेय  समतुल्य वेतनमान  पर आगामी 12 अगस्त को फिर वार्ता है. उस दिन बात नही बनी तो हड़ताल सुनिश्चित है. राज्य के सभी 65 हजार पारा शिक्षक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जायेंगे. 

संघ के अगवा नेता शंकर गुप्ता ने कहा, वादाखिलाफ सरकार हमे साढ़े चार वर्षो से गुमराह कर रही है. आप न्यायालय का फैसला समान काम का समान वेतनमान क्यों लागू नही करते. महाधिवक्ता की राय भी पारा शिक्षकों के पक्ष में है, आप उसे लागू क्यों नही करते. उन्होंने कहा, अगर पारा शिक्षकों की बहाली में आरक्षण रोस्टर का अनुपालन नहीं हुआ है तो इसका दोषी शिक्षा विभाग और सरकार है. भला करे कोई, भरे कोई ये कहां का न्याय है. हम पारा आंदोलन जीवी है, अपना हक मांग रहे है कोई भीख नहीं मांग रहे है कि सरकार हजार पंद्रह सौ रुपये की वृद्धि कर हमें चलता कर दे. अभी हाल में सरकार ने सीआरपी, बीआरपी के मानदेय में 53% तक की वृद्धि की है तो शिक्षा की रीढ़ पारा शिक्षकों के साथ अन्याय क्यों.  सरकार के अड़ियल, टाल मटोल और उपेक्षापूर्ण रवैये से आम पारा शिक्षकों में रोष है. पारा खेमा उबल रहा है. सरकार नहीं मानी तो हम लड़कर अपना अधिकार लेंगे. 

लेखक के बारे में

By Santosh Verma

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More