कोडरमा: बाल विवाह की आड़ में चल रहा था बाल तस्करी, 12 के खिलाफ मामला दर्ज
कोडरमा: जिला में बाल विवाह के आड़ में बाल तस्करी का खेल चल रहा था. मामला डोमचांच थाना क्षेत्र के जानपुर का है, जहाँ एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की का गुपचुप तरीके से यूपी के लड़के से पैसे लेकर बाल विवाह के आड़ में बाल तस्करी किया जा रहा था. बताया गया कि नाबालिग का विवाह चोरी चुपके एक मंदिर में कर दिया गया था. मामले का खुलासा होने के बाद प्रशासन हरकत में आई और नाबालिग को यूपी ले जाने से पहले बरामद कर लिया गया. प्रशासन आने की भनक लगते ही नाबालिग लड़की से शादी करने वाला लड़का मौके से फरार हो गया. लड़के की पहचान सुधीर कुमार के रूप में की गई हैं जो यूपी के गाजियाबाद का रहने वाला है.
इधर इस मामले को लेकर डोमचांच थाना में नाबालिग के माता-पिता और नाबालिग से शादी करने वाला लड़का सहित 12 लोगो पर मामला दर्ज किया गया है. बताया गया कि नाबालिग लड़की के साथ शादी करने वाले लड़के के द्वारा लड़की के परिजनों को पैसे का लालच देकर शादी किया गया था. इधर लड़की को अपने साथ यूपी ले जाने से पहले इसकी भनक पुलिस को मिली और नाबालिग लड़की को बरामद कर लिया गया. 58 हजार में नाबालिग का सौदा होने की बात सामने आई है. लड़का यूपी से अकेले चार दिन पहले डोमचांच के जानपुर आया हुआ था जिसकी सूचना स्थानीय लोगो को चली जिसके बाद मामले का उद्भेदन हुआ. इस मामले में पुलिस दूल्हा के साथ शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है.
