11 वर्षों के बाद भी खत्म नहीं हुआ कोयलानगरी धनबाद का सूखा! हेमंत रिटर्न टू में भी नहीं बुझी प्यास

धनबाद: हेमंत रिटर्न टू की सरकार में भी कोयलानगरी धनबाद की प्यास नहीं बुझी. जिस कोयले से देश का विकास दौड़ता है, राजनीति को चारा-पानी मिलता है, जो अपने संसाधनों के बल पर सूबे झारखंड की सरकार को हांकती है, केन्द्र सरकार में दखल रखती है, पिछले 11 वर्षों से वह कोयलानगरी प्यासी है. यह प्यास पानी की नहीं है, हालांकि उसकी भी भारी किल्लत है, लेकिन यह प्यास तो सत्ता में हिस्सेदारी की है. सरकार में भागीदारी की है. यह प्यास उस मंत्री पद को लेकर है, जिसके लिए राजनेताओं में मारा मारी रहती है, जिस मंत्री पद की चाहत में आस्था और सियासी प्रतिबद्धता को तार -तार किया जाता है, दल बदल से लेकर ना जाने कितने खेल होते है. धनबाद की धरती आज उसी मंत्री पद के प्यास में छटपटा रही है. हेमंत रिटर्न टू की सरकार में जब संताल-कोल्हान को तीन तीन मंत्री पद से नवाजा जा रहा था, पूरे देश में सूखाड़ और भूखमरी के रुप में अपनी पहचान रखने वाले पलामू प्रमंडल से दो दो मंत्रियों का शपथ ग्रहण करवाया जा रहा था, उतरी छोटानागपुर से बेबी देवी को मंत्री पद की सौगात मिल रही थी, तब कोयलानगरी धनबाद की आंखों में उदासी थी. एक सवाल था कि हमारा क्या कसूर है. क्या धनबाद लोकसभा की कुल छह विधानसभाओं में पांच पर कमल खिलाना ही हमारी भूल थी. क्या धनबाद पर कमल का दाग लग चुका है, जिसे बगैर धोये अब मंत्री पद नहीं मिलना है, और यदि ऐसा ही है तो फिर झरिया विधायक पुर्णिमा नीरज सिंह का क्या जुर्म था, क्या पुर्णिमा नीरज सिंह भी नियत पर भी सवाल था, क्या उनकी प्रतिबद्धता भी सवालों के घेरे में थी. जब महिला कोटे से दीपिका पांडेय सिंह को मंत्री बनाया जा सकता है, तो फिर पुर्णिमा नीरज सिंह के चेहरे में क्या कमी थी. ऐसे ना जाने कितने सवाल आज कोयलानगरी में एक साथ उठता दिख रहा है, और इस सबके बीच इस बात की कसक भी है कि काश! 2019 में इस कोयलानगरी से झामुमो और कांग्रेस के हिस्से भी जीत आती, छह में पांच सीटों पर कमल नहीं खिला होता.
2013 में अंतिम बार मंत्री बने थें मन्नान मलिक
आपको बता दें कि कोयलानगरी से अंतिम बार मंत्री बनने का मौका कांग्रेसी दिग्गज मन्नान मलिक को मिला था, वर्ष 2013 में वह हेमंत सरकार में पशुपालन मंत्री बनाये गये थें, लेकिन सरकार में रहते हुए भी मन्नान मलिक ने सीएम हेमंत को परेशान कर रखा था, मंत्री रहते हुए भी हेमंत सरकार की सरकरा को घेरने में पीछे नहीं रहते थें. इस बयानबाजी से तंग आकर तब महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि सरकार में मन्नान मल्लिक ठीक आदमी नहीं हैं, बाकी सब ठीक है. दरअसल तब मन्नान मलिक ने हेमंत सरकार की खिंचाई करते हुए कहा था कि गठबंधन की सरकार में विकास संभव ही नहीं है. झामुमो के बड़े बड़े नेता मंच पर उंधते नजर आते हैं. यह आन्दोलनकारियों की सरकार नहीं होकर सोई हुई सरकार है. हेमंत सोरेन पर निशान साधते हुए मन्नान मलिक ने दावा किया था किसी भी मंत्री का कोई औकात नहीं है, एक एक फाइल सीएम हेमंत को बताकर निपटाया जाता है. हालांकि इसके पहले भी पशुपतिनाथ सिंह, बच्चा सिंह, जलेश्वर महतो अलग अलग सरकारों में मंत्री रह चुके थें, लेकिन मन्नान मलिक के इस तेवर के बाद कोयलानगरी धनबाद में सूखा का दौर शुरु हो गया, हेमंत सरकार की विदाई के बाद रघुवर सरकार में भी किसी धनबाद से किसी को मौका नहीं मिला, जब 2019 में हेमंत की फिर वापसी हुई तो, एक बार फिर कोयलानगरी में मंत्री पद की चर्चा तेज हुई, लेकिन कोयलनगरी के हिस्से एक बार फिर से निराशा हाथ लगी, हालांकि कोयलांचल से जगरनाथ महतो और मथुरा महतो को मंत्री पद की सौगात मिली, लेकिन कोयलानगरी के हिस्से सूखा बरकरार रहा, इस बार हेमंत रिटर्न टू में भी पुर्णिमा नीरज सिहं पर उम्मीद टिकी थी. लेकिन एक बार फिर से वही कहानी दुहरायी गयी.
पूर्णिमा नीरज सिंह की निष्ठा पर कांग्रेस आलाकमान को संदेह?
दावा किया जाता है कि पूर्णिमा नीरज सिंह को लेकर कांग्रेस आलाकमान आश्वस्त नहीं है, उनकी वफादारी संदेह के घेरे में है. भाजपा के साथ उड़ती नजदीकियों की खबर से कांग्रेसी रणनीतिकारों की नींद उड़ी रहती है. हालांकि यह पूर्णिमा नीरज सिंह की अपनी सियासी कार्यशैली हो सकती है, लेकिन इसकी कीमत कोयलानगरी धनबाद को चुकानी पड़ी है. कोयलानगरी को जो सियासी रुतबा झारखंड की पहली सरकार बाबूलाल मरांडी के मुख्यमंत्री रहते मिली, आज भी उसे उस रुतबे की तलाश है.
