टी20 विश्व कप में युगांडा के कप्तान होंगे ब्रायन मसाबा

कंपाला, 6 मई (आईएएनएस)। ब्रायन मसाबा को 1 जून से यूएसए और वेस्टइंडीज में होने वाले टी20 विश्व कप 2024 में 15 सदस्यीय युगांडा टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है।

यह युगांडा के सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम के इतिहास में पहली बार है, जब टीम किसी भी विश्व कप में हिस्सा लेगी।

विश्व कप के लिए चयनित दल में 43 वर्षीय ऑफ़ स्पिन ऑलराउंडर फ़्रैंक नसुबुगा को भी शामिल किया गया है, वह इस टूर्नामेंट में खेलने वाले सबसे उम्रदराज़ खिलाड़ी भी बनेंगे।

युगांडा और नामीबिया दो टीमें थी, जिन्होंने जिम्बाब्वे से आगे रहते हुए क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के अफ्रीका चरण से पुरुष टी20 विश्व कप 2024 में जगह बनाई। युगांडा आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में भाग लेने वाला केवल पांचवां अफ्रीकी देश बन जाएगा।

युगांडा को अभय शर्मा प्रशिक्षित करेंगे, जिन्होंने भारत की अंडर-19, ए और महिला टीमों के फील्डिंग कोच के रूप में कार्य किया है। टीम फिलहाल श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) की कुछ टीमों के खिलाफ मैच खेलने के लिए श्रीलंका के 15 दिवसीय दौरे पर है।

पुरुषों के टी20 विश्व कप में युगांडा को ग्रुप सी में सह-मेजबान और दो बार के विजेता वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, पापुआ न्यू गिनी और अफगानिस्तान के साथ रखा गया है। वे 3 जून को प्रोविडेंस, गुयाना में अफगानिस्तान के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेंगे।

विश्व कप के लिए युगांडा की टीम

ब्रायन मसाबा (कप्तान), केनेथ वैस्वा, दिनेश नकरानी, रियाज़त अली शाह (उपकप्तान), फ़्रैंक नसुबुगा, रौनक पटेल, रॉजर मुकासा, केनेथ वैसवा, कॉसमस क्येवुटा, बिलाल हासुन, फ़्रेड अकेलम, रॉबिन्सन ओबुया, साइमन सेसाज़ी, हेनरी सेसेंडो, अल्पेश रामजानी, जुमा मियाजी

रिज़र्व खिलाड़ी : रोनाल्ड लुटाया, इनोसेंट म्वेबेज़

–आईएएनएस

एएमजे/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More