भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान संदीप कौर ने पेरिस ओलंपिक में भारत की जीत की जताई उम्मीद

नई दिल्ली, 6 अगस्त (आईएएनएस)। पेरिस ओलंपिक में 6 अगस्त को देर रात भारतीय हॉकी टीम की भिड़ंत जर्मनी से होगी। इसको लेकर भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान और एशियन गेम में गोल्ड मेडलिस्ट संदीप कौर ने भारत की जीत की उम्मीद जताई।

संदीप कौर कहा, “भारतीय हॉकी के लिए आज बहुत बड़ा दिन है। मंगलवार का दिन है, जो हनुमान जी का भी दिन है। वाहे गुरु और हनुमान जी को मानने वाले चाहते हैं कि हमारी टीम को जीत मिले।”

उन्होंने कहा, “जर्मनी के खिलाफ ध्यानचंद जी ने जीत दिलाई थी। आज उसी टीम के के खिलाफ मैच है। भगवान से मेरी यही दुआ है कि टीम इंडिया आज का मैच जीते और फाइनल में नीदरलैंड को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम करे।”

पूर्व महिला हॉकी प्लेयर ने कहा कि देश और दुनिया में भारत की हॉकी टीम का नाम रोशन हो। पंजाब के नौ प्लेयर इस टीम में खेल रहे हैं। ये हमारे लिए बहुत सम्मान का विषय है। भगवान सभी प्लेयर को शक्ति प्रदान करें।

बता दें ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम की हमेशा धाक रही है। टोक्यो से पहले टीम कुछ कमजोर हो गई थी, लेकिन एक बार फिर भारतीय हॉकी टीम का दौर लौट चुका है। अब उसके निशाने पर गोल्ड है, हालांकि ये राह इतनी आसान नहीं है। सेमीफाइनल मुकाबले में विश्व चैंपियन जर्मनी से मुश्किल भरी चुनौती है।

टोक्यो ओलंपिक में भारत ने जर्मनी को ही हराकर ब्रॉन्ज जीता था और अब भारत के पास फिर जर्मनी को हराकर नया इतिहास रचने का मौका है। इस ओलंपिक में भारत की लय शानदार रही है।

भारत ने छह में से अपने पांच मैच जीते हैं। इसका सबसे बड़ा कारण पीआर श्रीजेश की स्मार्ट गोलकीपिंग और भारतीय खिलाड़ियों की पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदलने का कन्वर्जन रेट है। पहले के मुकाबले भारतीय टीम ने इनमें काफी सुधार किया है।

जर्मनी और भारत के बीच मुकाबला अब तक कांटे की टक्कर का रहा है। हर मैच के अंतिम समय तक दोनों टीमें लड़ती नजर आई हैं। भारत के लिए मंगलवार को जर्मनी के खिलाफ इस महत्वपूर्ण मुकाबले में सबसे बड़ी चुनौती उसके डिफेंस से पार पाना होगा, इसलिए भारतीय मिडफील्डर की भूमिका अहम रहेगी।

–आईएएनएस

एससीएच/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More