पेरिस ओलंपिक: लक्ष्य सेन ने की जीत के साथ शुरुआत, सात्विक-चिराग की जोड़ी ने भी जीता पहला मैच

पेरिस, 27 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के युवा बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन ने पेरिस ओलंपिक में शानदार शुरुआत करते हुए गुआतेमाला के केविन कॉर्डन को सीधे सेटों में हरा दिया। ग्रुप एल के इस पुरुष सिंगल्स मैच में लक्ष्य ने 21-8, 22-20 से जीत दर्ज की।

पहला गेम आसानी से जीतने के बाद लक्ष्य को दूसरे गेम में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। विश्व रैंकिंग में 41वें नंबर के कॉर्डन ने लक्ष्य को कड़ी टक्कर देते हुए स्कोर को 20-16 कर दिया। लेकिन युवा भारतीय ने शानदार वापसी करते हुए लगातार छह अंक जीते और मैच 22-20 से अपने नाम कर लिया। इस तरह उन्होंने तीसरे गेम खेलने की नौबत नहीं आने दी।

यह लक्ष्य के लिए काफी महत्वपूर्ण जीत है, क्योंकि कॉर्डन टोक्यो ओलंपिक में सेमीफाइनल तक पहुंचे थे, और कांस्य पदक जीतने के काफी करीब पहुंच गए थे। लक्ष्य के ग्रुप में विश्व नंबर तीन जोनाथन क्रिस्टी (इंडोनेशिया) और जूलियन कैरागी (बेल्जियम) भी हैं। लक्ष्य का ग्रुप आसान नहीं है।

भारत ने बैडमिंटन के पुरुष डबल्स में भी जीत के साथ शुरुआत की है। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने ग्रुप C मैच में मेजबान देश के लुकास कोरवी और रोनन लाबार को 21-17, 21-14 से हराया। भारत को इस जोड़ी से पदक की बड़ी उम्मीद है।

इससे पहले, भारत की शूटर मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल महिला क्वालीफिकेशन राउंड में तीसरा स्थान हासिल करके फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

हालांकि भारत को 10 मीटर एयर राइफल मिक्सड टीम क्वालीफिकेशन में निराशा हाथ लगी थी। इस इवेंट में संदीप सिंह और इलावेनिल वालारिवन 626.3 के कुल स्कोर के साथ 12वें स्थान पर रहे और फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए। रमिता जिंदल-अर्जुन बबूता क्वालिफिकेशन में छठे स्थान पर रहे। इसके अलावा 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष क्वालीफिकेशन में भारत के सरबजोत सिंह नौवें स्थान पर रहे और फाइनल में क्वालीफाई नहीं कर पाए। इसी इवेंट में अर्जुन चीमा 574 के कुल स्कोर के साथ 18वें स्थान पर रहे और बाहर हो गए।

रोइंग में बलराज पंवार हीट्स में चौथे स्थान पर रहे और वह रविवार को रेपचेज में हिस्सा लेंगे। पेरिस ओलंपिक में भारत ने अपने 117 खिलाड़ियों के दल को भेजा है।

–आईएएनएस

एएस/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More