विनेश फोगाट ओलंपिक में अयोग्य घोषित, इस मामले पर सीएम सैनी सहित कई नेताओं ने दी अपनी प्रतिक्रिया

नई दिल्ली, 7 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय रेसलर विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक में अयोग्य घोषित कर दिया गया है। विनेश 50 किलोग्राम की कैटेगरी में खेलती हैं। इवेंट के दूसरे दिन बुधवार को उनका वजन करीब 100 ग्राम अधिक पाया गया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसको लेकर कहा कि कहा कि ”पूरा देश आपके साथ खड़ा है।”

विनेश फोगाट के साथ ही भारत के 140 करोड़ लोगों की उम्मीदों पर पानी फिर गया। वो 50 किलोग्राम रेसलिंग के फाइनल में पहुंची थी। उनके पास गोल्ड मेडल जीतने का सुनहरा मौका था। उनका वजन 50 किलो से 100 ग्राम ज्यादा पाया गया है। इस कारण उन्हें ओलंपिक महिला कुश्ती में अयोग्य घोषित कर दिया गया।

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने एक्स पर लिखा, ” विनेश आप भारत का गौरव हैं। आप हर भारतीय के लिए प्रेरणा हैं। आपने अपनी शानदार खेल प्रतिभा से ओलंपिक में भारत का सिर गर्व से ऊंचा किया है।आज का फैसला हर भारतीय के लिए बेहद ही दु:खद है, हरियाणा समेत पूरा भारत आपके साथ खड़ा है। आपने सभी चुनौतियों का डट कर सामना किया है। हमें अपनी बेटी पर पूर्ण विश्वास है कि आप हर बाधाओं को पार कर हमेशा भारत का मान बढ़ाती रहेंगी। भारत की शान हमारी बेटी विनेश फोगाट।”

रालोद अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने भी इस पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि विनेश फोगाट ने यहां तक पहुंचने के लिए बहुत मेहनत की है। उनके अंदर जज्बा है। खिलाड़ी और सैनिक जितनी मेहनत करते हैं वो आम लोगों के बस की नहीं हैं। विनेश फोगाट को बाहर होता देखकर मेरे आंखों में आंसू आ गए। पूरा देश उनके साथ खड़ा है। भारत सरकार भी इसे प्राथमिकता दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मामले का संज्ञान लिया है।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने भी विनेश फोगाट के अयोग्य होने पर दुख जाहिर किया। उन्होंने कहा कि हम बहुत निराश हैं। विनेश फोगाट से हमें गोल्ड मेडल की उम्मीद थी। प्रतियोगिता के पहले खिलाड़ियों का वजन नापा जाता है, लेकिन अचानक से कैसे उनका वजन बढ़ गया और वो अयोग्य घोषित हो गईं ? इसके तह में जाना जरूरी है। यह बहुत अच्छी बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका स्वयं संज्ञान लिया है। आज सदन में खेल मंत्री इस पर अपनी बात रखेंगे।

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि आज शाम पूरा देश टीवी पर आंख गड़ाकर विनेश फोगाट को गोल्ड मेडल लेते हुए देखने वाला था। हम सब उनके अयोग्य होने से बेहद दुखी हैं। वो बहुत मेहनत करके फाइनल तक पहुंची थी। विनेश ने देश का मान बढ़ाया है, वो चैंपियन थी, अभी भी हैं और आगे भी रहेंगी।

एनसीपी (अजित पवार) के सांसद प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि यह बहुत शर्मनाक है। आईओसी ओलंपिक टूर्नामेंट का आयोजन कर रही है। उन्हें आयोजन शुरू होने से पहले ही हर चीज की जांच करनी चाहिए थी। मुझे तो इसमें कुछ साजिश नजर आ रही है। भारत सरकार और भारतीय ओलंपिक संघ ने इसमें दखल दी है। आईओसी के साथ लड़-झगड़कर हमारी विनेश फोगाट को न्याय दिलाना चाहिए।

–आईएएनएस

एसएम/जीकेटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More