केकेआर ने मुंबई को 18 रनों से हराया

कोलकाता, 11 मई (आईएएनएस)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने आईपीएल 2024 के 60वें मैच में शनिवार को यहां ईडेन गार्डेन्स में मुंबई को 18 रनो से हरा दिया।

बारिश के कारण मैच देर से शुरू हुआ और 16-16 ओवर का कर दिया गया। केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए वेंकटेश अय्यर (21 गेंद में 42) और नितीश राणा (33) की शानदार पारियों के दम पर 157/7 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में मुंबई 139/8 ही बना सकी।

ईशान किशन (22 गेंद में 40 रन) और इंपैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे रोहित शर्मा (19) ने मुंबई को अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने 6.5 ओवर में 65 रन जोड़े। सुनील नारायण ने ईशान को रिंकू सिंह के हाथों बाउंड्री पर कैच कराया। इसके बाद रनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गया।

अगले ओवर में रोहित वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर कैच दे बैठे। सूर्य कुमार यादव (11) भी कुछ खास नहीं कर सके और आंद्रे रसेल ने 11 वें ओवर में उन्हें चलता किया। उस समय टीम का स्कोर 87 रन था।

कप्तान हार्दिक पांड्या (2) 12वें ओवर में वरुण का शिकार बने। टिम डेविड भी 13वें ओपर की पहली गेंद पर रसेल की गेंद पर शून्य पर आउट हुए।

तिलक वर्मा (17 गेंद पर 32 रन) ने एक छोर पर भरपूर कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें साथ नहीं मिला। वह आखिरी ओवर में हर्षित राणा की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे।

केकेआर के लिए राणा, रसेल और वरुण ने दो-दो विकेट लिए जबकि सुनील नारायण के खाते में एक विकेट आया।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने सात विकेट पर 157 रन का स्कोर खड़ा किया। वेंकटेश अय्यर ने सबसे ज्यादा दो छक्के, आठ चौके की मदद से 42 रन बनाये। नितीश राणा ने 23 गेंद पर 33 रनों की पारी खेली।

शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद मध्य क्रम में आंद्रे रसेल (24 रन), रिंकू सिंह (20 रन) और रमणदीप सिंह (17 रन) ने भी महत्वपूर्ण पारियां खेलीं।

केकेआर को पहले ओवर में ही फिल सॉल्ट के रूप में छह रन के स्कोर पर पहला झटका नुवान तुषारा ने दिया। सॉल्ट अंशुल कंबोज के हाथों कैच आउट हुए। अगले ओवर में बुमराह ने सुनील नारायण को बोल्ड कर दिया। पांचवें ओवर में कप्तान श्रेयस अय्यर भी सात रन बनाकर कंबोज की गेंद पर बोल्ड हो गये।

नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के बाद भी केकेआर ने पूरी पारी में रन रेट 10 के आसपास बनाये रखा।

मुंबई की ओर से बुमराह और पीयूष चावला ने दो-दो विकेट लिए। तुषारा और कंबोज के खाते में एक-एक विकेट आये। नितीश राणा को तिलक वर्मा ने रनआउट किया।

–आईएएनएस

एकेजे/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More