लाला अमरनाथ : एकमात्र गेंदबाज जिन्होंने डॉन ब्रैडमैन के खिलाफ बनाया अनोखा रिकॉर्ड

नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट में जो लोकप्रियता मौजूदा समय में कपिल देव, एमएस धोनी, रोहित शर्मा और विराट कोहली की है, उससे भी कहीं ज्यादा लोकप्रियता लाला अमरनाथ की रही थी। वो भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों में शुमार हैं। आजाद भारत के बाद भारतीय टीम के पहले कप्तान लाला अमरनाथ के नाम अनेकों रिकॉर्ड हैं।

लाला अमरनाथ एक शानदार क्रिकेटर थे। उन्हें मैदान पर जीत से इतर कुछ और मंजूर नहीं था। वो टेस्ट क्रिकेट में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय थे। इन्हीं की कप्तानी में भारत ने पहली टेस्ट सीरीज जीती थी। साथ ही पहला विवाद जो भारतीय क्रिकेट टीम में हुआ था, उसमें भी इनकी भूमिका थी। कुल मिलाकर इनके बिना भारतीय क्रिकेट टीम का इतिहास अधूरा है।

5 अगस्त यानी आज लाला अमरनाथ की पुण्यतिथि है। 88 साल की उम्र में साल 2000 में लाला अमरनाथ का निधन हुआ था। भारतीय क्रिकेट बोर्ड और टीम आज वैश्विक मंच पर एक बड़ी शक्ति है, इसमें कोई शक नहीं है। लेकिन इसकी नींव लाला अमरनाथ जैसे दिग्गजों ने रखी थी।

नानिक अमरनाथ भारद्वाज, जिन्हें लाला अमरनाथ के नाम से हर कोई जानता है, का जन्म 11 सितंबर 1911 को पंजाब के कपूरथला में हुआ था। लाला अमरनाथ सिर्फ बल्लेबाजी में ही नहीं बल्कि गेंदबाजी (दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज) में भी अव्वल थे। वो दुनिया के इकलौते ऐसे गेंदबाज थे जिन्होंने विश्व के सर्वकालिक महान बल्लेबाज सर डॉन ब्रेडमैन को हिट विकेट आउट किया था। अपने पूरे करियर में सिर्फ 70 बार आउट होने वाले ब्रेडमैन सिर्फ 1 बार ही हिट विकेट हुए थे और वह गेंद लाला अमरनाथ की थी।

इस दिग्गज क्रिकेटर से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा उनके बेटे मोहिंदर अमरनाथ से भी जुड़ा है। 1983 का विश्व कप याद है आपको? वेस्ट इंडीज जैसे दिग्गज टीम को फाइनल में हराकर भारत ने पहली बार विश्व चैंपियन बनने का गर्व हासिल किया था। उस टूर्नामेंट में टीम इंडिया के हीरो रहे थे मोहिंदर अमरनाथ।

क्या आप जानते हैं कि मोहिंदर अमरनाथ के पिता उनकी ट्रेनिंग को लेकर कितने कट्टर थे? कई बार मोहिंदर अमरनाथ इस बात को सबके सामने स्वीकार कर चुके हैं कि जब वो किसी गलत शॉर्ट के कारण आउट होते थे या उनका प्रदर्शन खराब रहता था, तो लाला उन्हें खूब लताड़ लगाते थे।

लाला अमरनाथ ने 1933 में डेब्यू किया था। वो 1955 तक भारतीय टीम के लिए खेले। उन्होंने अपने करियर में कुल 24 टेस्ट मैच खेले, जिनमें उनके नाम 878 रन और 45 विकेट हैं। फर्स्ट क्लास करियर की बात करें तो 186 मैचों में उनके नाम 10,426 रन और 463 विकेट शामिल हैं।

–आईएएनएस

एएमजे/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More